आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका, मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस में शामिल
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी (AAP) की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने AAP छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। राष्ट्रीय स्तर पर टीवी डिबेट्स और मीडिया में मजबूती से पार्टी का पक्ष रखने वाली प्रियंका कक्कड़ का जाना आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा रणनीतिक नुकसान माना जा रहा है।
कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर किया स्वागत
कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए प्रियंका कक्कड़ के पार्टी में शामिल होने का औपचारिक ऐलान किया। ज्वाइनिंग का वीडियो साझा करते हुए पार्टी ने लिखा कि कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर AAP नेता प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस परिवार से जुड़ी हैं। उनके साथ रजत राकेश टंडन और पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर आज आम आदमी पार्टी की नेता @PKakkar_ जी कांग्रेस में शामिल हुईं। उनके साथ रजत राकेश टंडन जी और पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा जी कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए।
आप सभी को बधाई और भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
📍 दिल्ली pic.twitter.com/nsbPxrhsUi
— Congress (@INCIndia) October 3, 2026
सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है दिल्ली का विकास: कक्कड़
कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रियंका कक्कड़ ने कहा, राजनीति में 10 साल से ज्यादा समय बिताने के बाद मुझे यह पूरा विश्वास है कि दिल्ली को स्वच्छ, हरा-भरा, विकसित और सुरक्षित केवल कांग्रेस पार्टी ही बना सकती है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में अगर कोई राजनेता सच्ची प्रामाणिकता के साथ राजनीति कर रहा है, तो वह सिर्फ राहुल गांधी हैं। राहुल गांधी कैमरे के लिए आंसू बहाने वाले नेता नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को नीचा दिखाने के लिए पूरी सरकारी मशीनरी लगा दी गई, लेकिन इसके बावजूद राहुल गांधी अडिग और स्थिर रहे।

