लखनऊ में लूडो खेलते-खेलते हुआ विवाद, 32 साल के युवक की कैंची घोंपकर हत्या
Lucknow Ludo Murder Case: लखनऊ के अलीगंज में शनिवार शाम ऑनलाइन लूडो खेलने और शराब पीने के दौरान हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। पुरनिया पुल के नीचे साथी प्रदीप से कहासुनी के बाद 32 वर्षीय राहुल अवस्थी पर कैंची से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए राहुल की केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है।
राहुल अवस्थी मूल रूप से सीतापुर के ग्राम गैरोली का रहने वाला था और मड़ियांव इलाके में रहता था। शनिवार शाम वह पुरनिया पुल के नीचे मड़ियांव के नौबस्ता निवासी प्रदीप और अन्य साथियों के साथ मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो खेल रहा था। डीसीपी नॉर्थ अमित कुमार आनंद के मुताबिक, इस दौरान शराब भी पी जा रही थी।
कहासुनी के बाद कैंची से हमला
लूडो खेलने के दौरान किसी बात को लेकर राहुल और प्रदीप के बीच विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ने पर दोनों में मारपीट होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान प्रदीप ने पास की दुकान से कैंची उठाई और राहुल पर कई वार कर दिए। राहुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
ट्रैफिक कंट्रोल रूम को शाम करीब 5:51 बजे घटना की सूचना मिली। अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहुल को वाघा अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ट्रैफिककर्मी ने संभाली स्थिति
वारदात के बाद पुरनिया पुल के नीचे अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा। पुरनिया चौराहे पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने राहुल को घायल हालत में देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचकर भीड़ हटाई और कंट्रोल रूम को सूचना दी।
वहीं, परिवार ने आरोप लगाया कि राहुल को ऑटो से ट्रॉमा सेंटर ले जाना पड़ा, जिससे अस्पताल पहुंचने में देरी हुई। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस की मदद से उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: लखनऊ में मां की हत्या का बनाया प्लान, ऑनलाइन मंगाया रिंच, डायरी में लिखे थे एक-एक स्टेप

