फ्रांस में छात्र आंदोलन हुआ हिंसक, 400 स्कूल बंद, पुलिस से झड़प, करीब 2 हजार हिरासत में

France Student Protest 2026: फ्रांस में शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब हिंसक रूप ले चुका है। राजधानी पेरिस समेत कई शहरों में हाई स्कूल छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। आंदोलन के चलते देशभर में 400 से ज्यादा स्कूल और शैक्षणिक संस्थान प्रभावित हुए हैं।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य शिकायतें स्कूलों में शिक्षकों और स्टाफ की कमी, खराब बुनियादी सुविधाएं, लंबे स्कूल घंटे और कक्षाओं में अत्यधिक गर्मी से जुड़ी हैं। छात्रों का कहना है कि कई स्कूलों में सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं और शिक्षक या अन्य स्टाफ अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। आंदोलन पेरिस क्षेत्र से शुरू होकर अब पूरे फ्रांस में फैल चुका है।

65 स्टाफ और 170 छात्र घायल

फ्रांस के शिक्षा मंत्री एडुआर्ड गेफ्रे (Édouard Geffray) के मुताबिक आंदोलन शुरू होने के बाद कम से कम 65 शिक्षा कर्मी घायल हुए हैं, जिनमें 40 हाई स्कूल प्रिंसिपल शामिल हैं। करीब 170 छात्र भी घायल हुए हैं। सरकार का कहना है कि शुरुआत में छात्रों की शिकायतें जायज थीं, लेकिन आंदोलन (France Student Protest 2026) में अब हिंसक समूह शामिल हो गए हैं।

सरकार ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ है। पेरिस समेत कई शहरों में स्कूलों के आसपास सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। कुछ स्कूलों में प्रदर्शन और नुकसान के कारण ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था भी की जा रही है।

करीब 2 हजार लोग हिरासत में

France Student Protest 2026

फ्रांस के न्याय मंत्री गेराल्ड डारमानिन (Gérald Darmanin) ने बताया कि आंदोलन शुरू होने के बाद करीब 2,000 लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है और इनमें लगभग 90 फीसदी नाबालिग हैं। उन्होंने सरकारी वकीलों से यह भी कहा है कि प्रदर्शन के दौरान बच्चों की ओर से किए गए नुकसान के लिए उनके माता-पिता को जिम्मेदार ठहराने और मरम्मत का खर्च वसूलने की संभावना पर कार्रवाई की जाए।

शिक्षा मंत्री गेफ्रे ने अभिभावकों से बच्चों को हिंसक प्रदर्शनों से दूर रखने की अपील की है। सरकार ने साथ ही छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा संगठनों से बातचीत के जरिए उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की बात कही है।

Also Read: सऊदी अरब में अरामको पर फिर बड़ा हमला, रियाद को मिसाइल-ड्रोन से निशाना बनाने का दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.