भारत-वेस्टइंडीज तीसरे वनडे के बाद ICC का एक्शन, टीम इंडिया और मेहमानों पर लगा जुर्माना

Sports News: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने दोनों टीमों पर धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया है।

भारत पर मैच फीस का 20 प्रतिशत, जबकि वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

भारत को सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में वेस्टइंडीज के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 351 रन बनाए और वेस्टइंडीज के सामने 352 रन का लक्ष्य रखा।

कप्तान शाई होप की नाबाद 162 रन की पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने 10 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। हालांकि, भारत ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की।

भारत पर 20 और वेस्टइंडीज पर 10 फीसदी जुर्माना

ICC के मुताबिक, निर्धारित समय में भारत चार ओवर पीछे रह गया था, जबकि वेस्टइंडीज दो ओवर कम कर पाया।

समय से जुड़ी रियायतों को शामिल करने के बाद दोनों टीमों को न्यूनतम ओवर रेट नियम का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया।

IND vs WI

ICC इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के प्रकाश भट्ट ने दोनों टीमों पर जुर्माना लगाया। ICC की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत निर्धारित समय में कम फेंके गए प्रत्येक ओवर के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।

इसी नियम के तहत भारत पर चार ओवर कम करने के लिए 20 प्रतिशत और वेस्टइंडीज पर दो ओवर कम करने के लिए 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।

कप्तानों ने स्वीकार की गलती

भारत और वेस्टइंडीज के कप्तानों ने धीमी ओवर गति से जुड़े आरोपों को स्वीकार कर लिया।

दोनों ने ICC की ओर से प्रस्तावित सजा पर भी सहमति जताई। अपराध स्वीकार किए जाने के कारण मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

मैदानी अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगाज्स्की, थर्ड अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और फोर्थ अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने धीमी ओवर गति को लेकर आरोप लगाए थे।

इस तरह सीरीज के आखिरी मुकाबले में नतीजे के अलावा दोनों टीमों को धीमी ओवर गति की वजह से आर्थिक जुर्माने का भी सामना करना पड़ा।

Also Read: रोहित-विराट के 2027 वर्ल्ड कप खेलने पर शुभमन गिल का बड़ा बयान, बोले- अब प्रयोग का समय नहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.