Hanuman Ansh Movie: देवभूमि में ‘हनुमान अंश’ की टीम संग थिरके CM पुष्कर सिंह धामी
Dehradun News: नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन ने 423 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इसी बीच फिल्म की टीम ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान पहाड़ी संस्कृति की भी झलक देखने को मिली।
खटीमा में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘हनुमान अंश’ की टीम को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में फिल्म की टीम को नीम करोली बाबा की तस्वीर भी भेंट की गई।
इस दौरान फिल्म के लीड एक्टर शोभिनव सत्या, प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर और रागिनी सोना समेत टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें पुष्कर सिंह धामी फिल्म की टीम के साथ पहाड़ी लोकनृत्य झोड़ा करते नजर आ रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ढोल भी बजाया। मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कैंची धाम में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
‘हनुमान अंश’ की सफलता के बीच कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। गांधी जयंती के लॉन्ग वीकेंड के दौरान यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिससे आसपास के रास्तों पर भी ट्रैफिक दबाव बढ़ गया।
स्थिति को देखते हुए फिल्म के लेखक-निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर श्रद्धालुओं से अपील की है कि कैंची धाम जाने से पहले वहां की स्थिति और व्यवस्थाओं की जानकारी जरूर लें।
उन्होंने कहा कि अगर वहां अत्यधिक भीड़ हो तो नीम करोली बाबा से जुड़े दूसरे पवित्र स्थलों के दर्शन किए जा सकते हैं।
फिल्म ने रिलीज के 59वें दिन तक 423.26 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन किया था।

