बहराइच के 5 ब्लॉकों में खुलेंगे नए आवासीय स्कूल, सांसद गोंड के पत्र के बाद बढ़ी कवायद

Bahraich News: बहराइच जिले के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब और प्रतिभावान बच्चों के लिए बड़ी पहल होने जा रही है। जिले के पांच ब्लॉकों में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय यानी जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय खोलने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए समाज कल्याण निदेशालय ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।

इन विद्यालयों की स्थापना मिहींपुरवा, नवाबगंज, महसी, शिवपुर और चित्तौरा ब्लॉक में प्रस्तावित है। जिला समाज कल्याण अधिकारी को जिलाधिकारी से समन्वय कर जमीन चिह्नित कराने, उसे विभाग के नाम दर्ज कराने और आगे का प्रस्ताव तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है।

सांसद के पत्र के बाद शुरू हुई प्रक्रिया

बहराइच के सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने बताया कि उन्होंने 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर जिले के इन पांचों ब्लॉकों में एक-एक राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय खोलने का अनुरोध किया था। उन्होंने बहराइच को आकांक्षी जिला बताते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा की जरूरत बताई थी। साथ ही उन्होंने कहा था कि दूसरे जिलों की तुलना में बहराइच में ऐसे विद्यालयों की संख्या कम है।

सांसद के अनुरोध के बाद समाज कल्याण निदेशालय ने 2 जून को जिलाधिकारी को पत्र भेजा। इसमें पांचों ब्लॉकों में विद्यालयों के लिए कम से कम पांच-पांच एकड़ निश्शुल्क और विवाद रहित जमीन तलाशने को कहा गया है। जमीन ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां आवागमन के साथ बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।

कक्षा 6 से 12 तक निश्शुल्क शिक्षा

राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक पढ़ाई होती है। विद्यार्थियों को निश्शुल्क शिक्षा के साथ रहने, भोजन और वर्दी की सुविधा भी दी जाती है। इन विद्यालयों का उद्देश्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है।

सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने कहा कि इन विद्यालयों के खुलने से ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब और प्रतिभावान बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा मिल सकेगी। आर्थिक परेशानी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या भी कम होगी। भूमि चिह्नित होने के बाद नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाएगा।

Also read: यूपी से राज्यसभा के लिए BJP ने उतारे 8 उम्मीदवार, हरदीप पुरी और बीएल वर्मा का नाम नहीं 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.