लखनऊ में इकाना स्टेडियम तक पहुंचा बाढ़ का पानी, अंडरपास डूबा, आज भारत-वेस्टइंडीज मैच

Lucknow Flood: लखनऊ में गोमती नदी (Gomti River) का बढ़ता जलस्तर अब गोमती नगर विस्तार तक पहुंच गया है। सोमवार को इकाना स्टेडियम (Ekana Stadium) के पास शहीद पथ के नीचे बने अंडरपास में पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। खास बात यह है कि मंगलवार को इसी स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मैच (India vs West Indies T20) होना है।

इकाना के पास नाले के जरिए अंडरपास में पानी पहुंचा और देखते ही देखते जलभराव बढ़ गया। भागीदारी भवन और अंबेडकर स्मारक के पास से G-20 रोड की ओर जाने वाले अंडरपास में भी पानी भर गया। नगर निगम और LDA की टीमें मौके पर पहुंचीं और पानी निकालने के लिए कई पंप लगाए गए।

विद्युत उपकेंद्र पर भी खतरा

इमार गोमती ग्रीन्स सोसायटी के पास नाले में लगातार बढ़ते पानी से विद्युत उपकेंद्र में पानी घुसने का खतरा पैदा हो गया है। उपकेंद्र की सुरक्षा के लिए चारों तरफ सुरक्षा दीवार बनाने का काम तेज कर दिया गया है। सोसायटी प्रबंधन भी अपने स्तर पर इंतजाम कर रहा है।

20 ट्रांसफार्मरों से बिजली सप्लाई बंद

जलभराव (Lucknow Flood) के चलते फैजुल्लागंज, दाउद नगर, कुड़ियाघाट, गऊघाट, गुलालाघाट और मिश्रीबाग में 20 ट्रांसफार्मरों से बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। बिजली विभाग के मुताबिक पानी भरने से शॉर्ट सर्किट और करंट फैलने का खतरा था।

इसके चलते गणेश विहार, अन्नपूर्णा नगर और शिल्पी स्कूल क्षेत्र की बिजली प्रभावित रही। पवन विहार, भार्गव कॉलोनी और गणेश विहार ब्लॉक-जे के 400 KVA तथा शिल्पी के पास 100 KVA ट्रांसफार्मर भी बंद किए गए।

जनेश्वर मिश्र पार्क का रास्ता बंद

दयाल पैराडाइज चौराहे के पास नाले में बैक फ्लो होने से जनेश्वर मिश्र पार्क (Janeshwar Mishra Park) गेट नंबर-2 की ओर जाने वाले रास्ते पर पानी भर गया। इसके बाद प्रशासन ने मार्ग बंद कर दिया। ट्रैफिक पुलिस ने एक्स पर पोस्ट कर वाहन चालकों से इस रास्ते से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की।

Also Read: लखनऊ के मलिहाबाद में बाढ़ के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 131 मरीजों की जांच और मुफ्त दवाएं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.