नाइजीरिया में बड़ा विमान हादसा, सैन्य विमान क्रैश, यात्री-क्रू मेंबर समेत 32 लोगों की मौत

Nigeria Military Aircraft Crash: दक्षिणी नाइजीरिया में सोमवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। 25 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को लेकर जा रहा सैन्य विमान ओन्डो राज्य के इग्बोकोडा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 32 लोगों की मौत हो गई।

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू (Bola Tinubu) ने हादसे की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। विमान बेनिन सिटी से देश के आर्थिक केंद्र लागोस जा रहा था और इसे एक सामान्य मिशन बताया गया है।

नौसैनिक अड्डे के पास हुआ क्रैश

विमानन मंत्री फेस्टस केयामो ने बताया कि विमान एक नौसैनिक अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। राष्ट्रपति कार्यालय और वायुसेना के मुताबिक हादसा सुबह करीब 9 बजे के बाद हुआ।

टिनुबू और केयामो ने विमान की पहचान ATR-42 के रूप में की है। यह ट्विन-इंजन टर्बोप्रॉप विमान है, जिसमें आम तौर पर 30 से 50 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में नदी के पास लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है, जबकि रेस्क्यू टीम नावों के जरिए घटनास्थल की जांच करती नजर आई।

जांच के आदेश, प्रत्यक्षदर्शी ने बताई आवाज

राष्ट्रपति टिनुबू ने नाइजीरियाई एयर फोर्स (Nigerian Air Force) को दुर्घटना के कारणों की तत्काल और पूरी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच का उद्देश्य हादसे की वजह पता लगाने के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है।

हादसे (Nigeria Military Aircraft Crash) की जगह से करीब एक किलोमीटर दूर रहने वाली 39 वर्षीय डायो अकिंटे ने AFP को बताया कि उन्होंने अचानक तेज आवाज सुनी और उन्हें लगा कि शायद बिजली गिरी है। उनके मुताबिक, हादसे के बाद तीन विमान भी उसी इलाके के ऊपर उड़ते दिखाई दिए।

उन्होंने बताया कि दलदल में मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति ने नौसैनिक अड्डे और स्थानीय लोगों को दुर्घटना की सूचना दी। इग्बोकोडा इलाजे क्षेत्र में स्थित है, जो दक्षिणी नाइजीरिया का प्रमुख तेल उत्पादक इलाका है।

Also Read: फ्रांस में छात्र आंदोलन हुआ हिंसक, 400 स्कूल बंद, पुलिस से झड़प, करीब 2 हजार हिरासत में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.