कब्र से खुलेगा पति की मौत का राज, मेरठ में पत्नी और प्रेमी पर हत्या का शक

Meerut News: मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र के फतेहउल्लापुर में युवक की मौत के बाद अब हत्या का शक गहरा गया है। 28 सितंबर को तालिब की मौत को परिवार ने पहले स्वाभाविक माना था और शव को मुजफ्फरनगर में दफना दिया गया था। अब मृतक के मोबाइल से मिली कॉल डिटेल, बातचीत और वॉयस रिकॉर्डिंग के साथ मौत के बाद खींची गई तस्वीरों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है।

तालिब के चचेरे भाई अकरम ने उसकी पत्नी इलमा और ब्यूटी स्टूडियो संचालक अमन पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने के लिए जिलाधिकारी से अनुमति मांगी गई है।

पत्नी ने बताई थी स्वाभाविक मौत

फतेहउल्लापुर की कच्ची जाकिर कॉलोनी निवासी तालिब की 28 सितंबर को मौत हुई थी। अकरम के मुताबिक, इनाम ने फोन करके तालिब की मौत की जानकारी दी। वह मौके पर पहुंचा तो तालिब की पत्नी इलमा ने मौत को स्वाभाविक बताया। इसके बाद परिवार के लोग शव को मुजफ्फरनगर ले गए और कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

अंतिम संस्कार से पहले और कब्रिस्तान में तालिब के शव की तस्वीरें परिजनों और रिश्तेदारों ने खींची थीं। आरोप है कि शव दफन होने से पहले ही इलमा घर का कीमती सामान समेटने लगी थी। इस पर रिश्तेदारों को शक हुआ।

इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने परिवार को बताया कि इलमा के ब्यूटी स्टूडियो संचालक अमन से संबंध हैं। लोगों के अनुसार, दोनों को पार्क और घर पर साथ देखा जाता था। इसके बाद परिवार का शक और बढ़ गया।

कपड़ों के बीच मिला मोबाइल, सामने आई रिकॉर्डिंग

परिजनों ने तालिब का मोबाइल मांगा तो इलमा ने उसके गुम होने की बात कही। परिवार ने मोबाइल की तलाश शुरू की। 2 अक्टूबर को तालिब का मोबाइल कपड़ों के बीच छिपा हुआ मिला।

मोबाइल की जांच में अमन और इलमा के बीच हुई बातचीत, कॉल डिटेल और वॉयस रिकॉर्डिंग से जुड़े कई तथ्य सामने आए। इसके बाद परिजनों ने तालिब की अंतिम तस्वीरों को दोबारा देखा। तस्वीरों में उसके गले पर संदिग्ध निशान दिखाई दिए।

परिजनों ने इन निशानों के आधार पर दुपट्टे से गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई। इसके बाद अकरम ने लोहियानगर थाने में इलमा और अमन के खिलाफ तहरीर दी।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा

थाना प्रभारी सुमित तोमर के अनुसार, तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने भी तालिब की हत्या की रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।

पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने के लिए डीएम से अनुमति मांगी है। सीओ के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद तालिब की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

उधर, सोशल मीडिया पर इलमा का एक वीडियो वायरल होने की बात सामने आई है, जिसमें उसके हत्या की बात कबूल करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Also Read: फ्लाईदुबई घटना: ट्रंप ने जताया ईरान पर संदेह, उपराष्ट्रपति वेंस बोले- बिना सबूत कुछ कहना जल्दबाजी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.