जम्मू में सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार-ड्रग्स गिराने का पर्दाफाश, 2 तस्कर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से हो रही ड्रोन घुसपैठ और नार्को-आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जम्मू जिले के अरनिया सेक्टर में पुलिस ने मंगलवार को दो संदिग्ध तस्करों को दबोच लिया। इनके पास से इटली निर्मित बेरेटा पिस्तौल, 2 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, 500 ग्राम हेरोइन और 500 ग्राम अफीम जब्त की गई है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने इंटरनेशनल बॉर्डर (IB) के पार पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा गिराई गई दो अलग-अलग खेपों को हासिल किया था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
पाकिस्तान की ड्रोन साजिश बनी बड़ी चुनौती
पाकिस्तानी आतंकी संगठन और नशीले पदार्थों के तस्कर जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाने और नार्को-फाइनेंसिंग के लिए लगातार क्वाडकॉप्टर व ड्रोन का सहारा ले रहे हैं। रक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत की पश्चिमी सीमा पर ड्रोन घुसपैठ की 791 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनसे निपटने के लिए भारतीय सुरक्षा बलों ने एंटी-ड्रोन सिस्टम, स्पूफर और जैमर का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया है।
अरनिया, सांबा, कठुआ, अखनूर, राजौरी और पुंछ जैसे सीमावर्ती इलाकों में लगातार ड्रोन से आईईडी, मैग्नेटिक बम, एके-47 कारतूस और सिंथेटिक ड्रग्स गिराने के मामले सामने आते रहे हैं, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां सीमा पर लगातार सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
Also Read: AAP नेता अमरिंदर सिंह मंडोफल को शादी के नाम पर मिला धोखा, 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

