SSC CHSL 2026 की आवेदन विंडो कल होगी बंद, 2536 पदों पर भर्ती, जानें बड़े बदलाव

SSC CHSL 2026: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल यानी CHSL 2026 भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख नजदीक आ गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 7 अक्टूबर 2026 की रात 11 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 8 अक्टूबर 2026 है। वहीं, आवेदन में सुधार के लिए विंडो 14 से 16 अक्टूबर 2026 तक खुली रहेगी।

इस भर्ती के जरिए केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों में लोअर डिवीजन क्लर्क/जूनियर सेक्रेट्रिएट असिस्टेंट (LDC/JSA), डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) समेत अन्य पदों पर नियुक्तियां होंगी। फिलहाल संभावित रिक्तियों की संख्या 2536 है। अंतिम पदों की संख्या बाद में जारी की जाएगी।

पिछले साल से कम हुईं वैकेंसी, सेक्शनल टाइमर लागू

SSC CHSL 2025 में पहले करीब 3131 संभावित रिक्तियां थीं, जिन्हें बाद में बढ़ाकर 3522 कर दिया गया था। इस बार संभावित पदों की संख्या करीब 2536 रखी गई है।

2026 की भर्ती में परीक्षा व्यवस्था में भी अहम बदलाव किया गया है। Tier-I में पहले चारों विषयों के कुल 100 सवाल हल करने के लिए 60 मिनट मिलते थे और उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी सेक्शन पर जा सकता था। अब प्रत्येक विषय के लिए 15 मिनट का सेक्शनल टाइमर रहेगा।

अर्थात अंग्रेजी, रीजनिंग, गणित और सामान्य जागरूकता के लिए अलग-अलग 15 मिनट मिलेंगे। समय पूरा होते ही संबंधित सेक्शन अपने आप बंद हो जाएगा। Tier-II परीक्षा में भी सेक्शनल टाइमर लागू किया गया है।

आंसर की पर आपत्ति शुल्क आधा, स्लाइडिंग सिस्टम लागू

CHSL 2026 में आंसर की को चुनौती देने वाले उम्मीदवारों को भी राहत दी गई है। 2025 में प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये देने पड़ते थे। इस बार यह शुल्क घटाकर 50 रुपये प्रति प्रश्न कर दिया गया है।

इसके अलावा पोस्ट अलॉटमेंट में स्लाइडिंग मैकेनिज्म और FRTA को इस बार आधिकारिक रूप से लागू किया गया है। 2025 में दस्तावेज सत्यापन के बाद खाली रहने वाले पदों को भरने के लिए सिंगल राउंड पोस्ट अलॉटमेंट स्लाइडिंग स्कीम पर विचार किया गया था।

अब 2026 की भर्ती में यह व्यवस्था लागू होगी। साथ ही दस्तावेज सत्यापन (DV) अंतिम परिणाम के बाद संबंधित यूजर विभागों की ओर से किया जाएगा।

SSC CHSL 2026 की जरूरी तारीखें

  • ऑनलाइन आवेदन शुरू: 7 सितंबर 2026
  • आवेदन की अंतिम तारीख: 7 अक्टूबर 2026, रात 11 बजे तक
  • शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख: 8 अक्टूबर 2026, रात 11 बजे तक
  • आवेदन सुधार विंडो: 14 से 16 अक्टूबर 2026, रात 11 बजे तक
  • Tier-I परीक्षा: तारीख बाद में घोषित होगी
  • Tier-II परीक्षा: तारीख बाद में घोषित होगी

योग्यता और आयु सीमा

SSC CHSL 2026 के लिए सामान्य तौर पर उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, SSC और संस्कृति मंत्रालय में DEO/DEO Grade ‘A’ पद के लिए गणित विषय के साथ विज्ञान स्ट्रीम से 12वीं पास होना आवश्यक है।

आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर होगी। उम्मीदवार की उम्र 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यानी जन्म 2 अगस्त 1999 से पहले और 1 अगस्त 2008 के बाद का नहीं होना चाहिए। SC/ST उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 साल और OBC उम्मीदवारों को 3 साल की छूट मिलेगी।

Tier-I में 100 सवाल, 200 अंक

SSC CHSL Tier-I परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी। इसमें कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जो 200 अंकों के होंगे।

  • English Language: 25 प्रश्न, 50 अंक
  • General Intelligence: 25 प्रश्न, 50 अंक
  • Quantitative Aptitude: 25 प्रश्न, 50 अंक
  • General Awareness: 25 प्रश्न, 50 अंक

परीक्षा की कुल अवधि 60 मिनट होगी, लेकिन हर विषय के लिए 15 मिनट का सेक्शनल टाइमर रहेगा। प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.50 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।

आवेदन शुल्क कितना है?

CHSL 2026 के लिए सामान्य आवेदन शुल्क 100 रुपये है। हालांकि महिला उम्मीदवारों, SC, ST, दिव्यांग (PwBD) और आरक्षण के पात्र भूतपूर्व सैनिक (ESM) उम्मीदवारों को शुल्क भुगतान से पूरी तरह छूट दी गई है।

SSC CHSL भर्ती युवाओं के बीच आयोग की प्रमुख भर्तियों में शामिल है। 2025 की CHSL भर्ती में करीब 30.69 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। ऐसे में इस बार कम संभावित रिक्तियों और परीक्षा में हुए बदलावों के कारण उम्मीदवारों के लिए आवेदन के साथ नई परीक्षा व्यवस्था को समझना भी जरूरी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.