पूर्व IPS अधिकारी त्रिनाथ मिश्रा को पुलिस मुख्यालय में श्रद्धांजलि, DGP समेत अफसरों ने किया याद

Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित पुलिस मुख्यालय के सभागार में मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी डॉ. त्रिनाथ मिश्रा की स्मृति में शोक सभा आयोजित की गई। उनका 1 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया था। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व IPS अधिकारी त्रिनाथ मिश्रा को पुलिस मुख्यालय में श्रद्धांजलि, DGP समेत अफसरों ने किया याद

डॉ. त्रिनाथ मिश्रा का जन्म 30 दिसंबर 1942 को रांची, झारखंड में हुआ था। वह 1965 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी थे। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ केंद्र में भी कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं।

लखनऊ से वाराणसी तक संभालीं अहम जिम्मेदारियां

प्रशिक्षण के बाद त्रिनाथ मिश्रा ने सहायक पुलिस अधीक्षक लखनऊ और अपर पुलिस अधीक्षक मेरठ के रूप में काम किया। इसके बाद वह गाजीपुर, बुलंदशहर और आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक रहे।

उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंभ मेला इलाहाबाद, मेरठ और वाराणसी के पद पर भी जिम्मेदारी संभाली। प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने CRPF, CISF, CBI और SPG में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए।

इसके अलावा वह सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) और मणिपुर के पुलिस महानिदेशक के पद पर भी रहे।

CRPF के महानिदेशक पद से हुए थे सेवानिवृत्त

त्रिनाथ मिश्रा ने 31 दिसंबर 2002 को अधिवर्षता आयु पूरी करने के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक पद से सेवानिवृत्ति ली थी।

पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, उन्होंने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा और लगन के साथ जिम्मेदारियां निभाईं और पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया। उनका 37 साल से अधिक का सेवाकाल उपलब्धियों से भरा रहा।

सेवा के दौरान उन्हें कई महत्वपूर्ण सम्मान भी मिले। 10 अप्रैल 1975 को उन्हें राष्ट्रपति का वीरता पदक प्रदान किया गया। इसके बाद गणतंत्र दिवस 1984 के अवसर पर उन्हें दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक मिला। स्वतंत्रता दिवस 1990 पर उन्हें विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्रिनाथ मिश्रा अपनी उपलब्धियों और सेवाओं के लिए हमेशा स्मरण किए जाएंगे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.