UP में SIR पर सपा ने उठाए सवाल, 50 लाख नए वोटर जोड़ने का लक्ष्य तय करने का लगाया आरोप

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष अभियान यानी SIR को लेकर चुनाव आयोग के सामने कई सवाल उठाए हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपा। इसमें राजनीतिक दलों की बैठक बुलाने समेत कई मांगें रखी गई हैं।

SIR से पहले दलों से चर्चा न होने पर सवाल

सपा ने कहा कि प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष अभियान 5 अक्टूबर 2026 से शुरू हुआ, लेकिन इससे पहले राजनीतिक दलों से कोई चर्चा नहीं की गई। पार्टी ने आयोग के इस फैसले को एकतरफा बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दबाव में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव की कोशिश की जा रही है।

सपा का दावा है कि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने अपने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर कम से कम 200 नए मतदाता जोड़ने को कहा था। पार्टी के मुताबिक अब प्रत्येक बीएलओ को 20 से 25 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। सपा ने इससे प्रदेश में करीब 50 लाख नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य बनने का दावा किया है। पार्टी ने इसे भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश बताते हुए निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।

1.62 लाख बूथों पर पहले भी हुई थी प्रक्रिया

ज्ञापन में सपा ने बताया कि SIR प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2025 को घोषित हुई थी। इसके बाद 4 नवंबर 2025 से 166 दिनों तक प्रदेश के 1,62,486 बूथों पर बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाए थे। 6 जनवरी 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची और 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।

प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में अब 100 दिन से भी कम समय बचा है। विशेष अभियान के बाद मतदाता सूची का वार्षिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण भी होना है। ऐसे में किसी भी पात्र मतदाता का नाम हटने से बचाने के लिए प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।

बरेली-मुरादाबाद सीट और अवकाश की भी मांग

सपा ने बरेली-मुरादाबाद खंड निर्वाचन क्षेत्र में किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं हटाने की मांग की। इसके अलावा विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव में 23 अक्टूबर 2026 को मतदान के दिन सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित करने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।

सपा ने भारत निर्वाचन आयोग से तत्काल राजनीतिक दलों की बैठक बुलाकर अभियान के निर्देश साझा करने की मांग की है। साथ ही जनपद स्तर पर भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने को कहा है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह यादव और राधेश्याम सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सभी मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

Also Read: पूर्व IPS अधिकारी त्रिनाथ मिश्रा को पुलिस मुख्यालय में श्रद्धांजलि, DGP समेत अफसरों ने किया याद 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.