पिलाई नशीली कोल्ड ड्रिंक… फिर चलती कार में रेप, केस दर्ज न होने पर लड़की ने SSP से लगाई गुहार
Bulandshahr Rape Case: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में युवती को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर अगवा करने और कार में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि घटना के करीब एक महीने बाद भी स्थानीय पुलिस ने उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद मंगलवार को वह परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और कार्रवाई की मांग की।
अरनिया क्षेत्र की रहने वाली युवती ने एसएसपी दिनेश कुमार सिंह को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 16 सितंबर की सुबह वह पशुओं को बांधने गई थी। आरोप है कि गांव के ही रिश्तेदार युवक ने उसे बहला-फुसलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था।
पीड़िता के मुताबिक, नशे का असर होने के बाद आरोपी युवक ने तीन साथियों की मदद से उसे जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे कार से रुड़की की ओर ले गए। रास्ते में चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
पीड़िता ने बताया कि होश में आने पर आरोपियों ने वीडियो बनाने का दावा करते हुए उसे धमकाया कि शिकायत करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। इसके बाद उसे रुड़की में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
पीड़िता किसी तरह राहगीरों से मदद लेकर बस से अपने घर पहुंची। आरोप है कि घर लौटने के बाद आरोपी पक्ष के लोगों ने पुलिस में शिकायत करने पर पीड़िता और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि वह अरनिया थाने पहुंची, लेकिन मुकदमा दर्ज करने के बजाय परिवार पर समझौते का दबाव बनाया गया। कई बार थाने के चक्कर काटने के बाद उसने मंगलवार को एसएसपी और एसपी देहात से शिकायत की।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। थाना पुलिस को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी के आदेश के बाद पुलिस मामले (Bulandshahr Rape Case) की जांच में जुट गई है।
Also Read: फर्रूखाबाद में जमीन के लिए दादा को पोते ने मारी गोली, तमंचा छोड़कर हुआ फरार

