फर्रूखाबाद में जमीन के लिए दादा को पोते ने मारी गोली, तमंचा छोड़कर हुआ फरार

Farrukhabad News: फर्रूखाबाद के जहानगंज क्षेत्र के रतनपुर गांव में जमीन के विवाद में एक पौत्र ने अपने 70 वर्षीय दादा गजेंद्र सिंह को गोली मार दी। गंभीर हालत में परिजन उन्हें लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज कन्नौज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक गजेंद्र सिंह गांव के बाहर एक धार्मिक स्थल बनाकर रहते थे। वह गेरुआ वस्त्र पहनते थे और पास में ही उनकी दुकानें थीं। रविवार शाम करीब चार बजे वह दुकान के बाहर तख्त पर लेटे हुए थे। इसी दौरान उनका 22 वर्षीय पौत्र अंकित वहां पहुंचा और जमीन देने की बात को लेकर उनसे विवाद करने लगा।

विवाद बढ़ने पर अंकित ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली गजेंद्र के कंधे और पेट में लगी और वह तख्त पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह करीब 20 मिनट तक वहीं तड़पते रहे।

ग्रामीणों पर भी ताना तमंचा

गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े तो अंकित ने उनकी ओर भी तमंचा तान दिया। वह धमकी देता रहा कि आगे बढ़े तो गोली मार देगा। ग्रामीणों के मुताबिक वह यह भी कह रहा था कि पुलिस पकड़ ले तो उसे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

कुछ देर बाद अंकित ने तमंचा तख्त पर रख दिया। ग्रामीणों ने मौका पाकर उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट भी की। हालांकि, ग्रामीणों से भिड़ते हुए वह वहां से भाग निकला। इधर, गजेंद्र के दूसरे पौत्र शिवा और नाती अभिषेक मौके पर पहुंचे। दोनों बाइक से उन्हें लोहिया अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

मौके से दो तमंचे और खोखा बरामद

घटना की सूचना मिलते ही सीओ आलोक सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई।

पुलिस ने मौके से एक तमंचा कब्जे में लिया है। जमीन पर पड़ा एक खोखा भी बरामद हुआ। दूसरा तमंचा भी घटनास्थल पर मिला, जो फंसा हुआ बताया गया है। पुलिस अंकित के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीओ आलोक सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

बताया गया है कि अंकित के माता-पिता की मौत हो चुकी है और वह मकान में अकेला रहता है। गांव में घटना को लेकर चर्चा है कि आखिर जमीन के विवाद ने उसे अपने ही दादा पर गोली चलाने तक कैसे पहुंचा दिया। ग्रामीणों के मुताबिक इलाज के लिए जमीन बेचने के फैसले को लेकर भी विवाद था।

Also Read: Barabanki News: पूरे मुल्क और दुनिया में अमन-चैन कुरानी शिक्षाओं पर अमल करने से ही संभव- मुफ्ती जहीरुल इस्लाम कासमी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.