अयोध्या पहुंचे अजय राय, बोले- कांग्रेस को मजबूत करना मेरा लक्ष्य, 2027 में बनाएंगे सरकार
Ajay Rai Ayodhya: कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को अपने जन्मदिन के मौके पर काशी से अयोध्या पहुंचे। उन्होंने रामलला के दर्शन किए और हनुमानगढ़ी जाकर बजरंग बली की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
दर्शन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का निर्णय है। पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी और समय दिया, उसमें उन्होंने पूरी ताकत के साथ काम किया। उन्होंने कहा कि आगे भी पार्टी नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करते हुए कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे।
अजय राय ने कहा, “आज बात व्यक्तिगत हित की नहीं, बल्कि देश और राष्ट्र की है।” उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य कांग्रेस को मजबूत करना है।
2027 में सरकार बनाने का किया दावा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस मजबूती से आगे बढ़ रही है और पार्टी 2027 में सरकार बनाएगी। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।
अयोध्या पहुंचने पर अजय राय ने कहा कि जन्मदिन के दिन रामनगरी आकर भगवान राम के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता की सेवा करना और लगातार लोगों के बीच बने रहना है।
उन्होंने कहा कि भगवान राम की कृपा बनी रहे, वह जनता की सेवा करते रहें, पार्टी को मजबूत करें और लोगों के बीच प्यार-मोहब्बत बांटते रहें।
आराधना मिश्रा ‘मोना’ को मिली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी
बता दें कि कांग्रेस ने शुक्रवार देर शाम अजय राय की जगह आराधना मिश्रा ‘मोना’ को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। पार्टी ने अजय राय के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर किए गए काम की भी प्रशंसा की थी।
अगस्त 2023 में प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए अजय राय ने तीन साल से ज्यादा के कार्यकाल में कांग्रेस को मजबूत करने की कोशिश की। वह लगातार पार्टी की मुखर आवाज के तौर पर सत्ता को चुनौती देते रहे।
2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने तत्कालीन यूपी प्रभारी अविनाश पांडे के साथ मिलकर समाजवादी पार्टी के साथ हुए गठबंधन में बेहतर तालमेल का संदेश दिया। 2019 के लोकसभा चुनाव में एक सीट पर सिमटी कांग्रेस ने 2024 में छह सीटों पर जीत दर्ज की।
अजय राय ने वाराणसी लोकसभा सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी चुनाव लड़ा और मजबूत दावेदारी पेश की थी।

