प्रयागराज में 15 हजार के लिए दोस्तों ने 17 साल के छात्र की हत्या, नाले में फेंका शव, कटा मिला अंगूठा

Prayagraj News: प्रयागराज के हनुमानगंज इलाके में 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर 17 साल के छात्र की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोस्तों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्र की मौत हो गई। इसके बाद शव को हवेलिया नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने घटना के अगले दिन चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

पुरानी झूंसी कोहना निवासी तीर्थ पुरोहित दीपक दुबे का 17 वर्षीय बेटा शांतनु दुबे इंटरमीडिएट का छात्र था। सोमवार रात करीब सवा 9 बजे उसके दोस्त उज्ज्वल सेनगुप्ता का फोन आया। इसके बाद शांतनु स्कूटी लेकर घर से निकल गया।

देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। उसका मोबाइल भी बंद था। मंगलवार सुबह हवेलिया नाले में शांतनु का शव मिला। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और वहां चीख-पुकार मच गई।

15 हजार रुपये वापस मांगने पर चल रहा था विवाद

पुलिस जांच के मुताबिक, शांतनु ने अपने पिता से पैसे लेकर दोस्त उज्ज्वल सेनगुप्ता को 15 हजार रुपये उधार दिए थे। करीब तीन महीने से रुपये वापस करने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि उज्ज्वल पैसे लौटाने के बजाय शांतनु से कहासुनी करने लगा।

करीब ढाई महीने पहले शांतनु के पिता दीपक दुबे ने भी इस मामले में उज्ज्वल से पूछताछ की थी। आरोप है कि उस दौरान उज्ज्वल ने दीपक दुबे के साथ भी मारपीट की थी। इसके बाद 5 अक्टूबर की रात उज्ज्वल ने अपने साथियों के साथ मिलकर शांतनु को बुलाया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों की शुरुआत में शांतनु को धमकाने और उसके साथ मारपीट करने की मंशा थी। लेकिन नशे की हालत में विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू से उसके सिर पर कई वार कर दिए। इससे शांतनु की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को नाले में फेंककर फरार हो गए।

फॉरेंसिक टीम को मिले खून के छींटे और कटा अंगूठा

घटना की जानकारी मिलने के बाद डीसीपी नगर सागर जैन और एसीपी झूंसी अरुण पराशर पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान घटनास्थल पर खून के छींटे मिले। फॉरेंसिक टीम को शांतनु का कटा हुआ अंगूठा भी मिला।

पुलिस को आशंका है कि चाकू से हमला होने के दौरान शांतनु ने खुद को बचाने की कोशिश की होगी। इसी दौरान चाकू लगने से उसका अंगूठा कटकर अलग हो गया।

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने उज्ज्वल सेनगुप्ता, यश गुप्ता, दिव्यांश निषाद, छोटू पासी, छोटू यादव उर्फ अंडा और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी छोटू पासी की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी उज्ज्वल सेनगुप्ता नशे का आदी है। वह स्पोर्ट्स बाइक से चलता था और अपनी आमदनी से अधिक खर्च करता था। शांतनु और उज्ज्वल की पुरानी दोस्ती थी और दोनों अक्सर मिलते-जुलते थे। पुलिस अब हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Also Read: लखनऊ में कुत्ता भौंका तो गार्ड ने मार दी गोली, बाइक रोककर राइफल से की फायरिंग 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.