रायबरेली में वोटर लिस्ट के 468 नामों का अंतर, हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब
Allahabad High Court: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने रायबरेली की मखदूमपुर ग्राम पंचायत में विधानसभा और पंचायत चुनाव की मतदाता सूचियों में अंतर के मामले में केंद्रीय चुनाव आयोग और राज्य चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। अदालत ने दोनों आयोगों को चार सप्ताह में जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद होगी।
यह आदेश न्यायमूर्ति राजन रॉय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की खंडपीठ ने मखदूमपुर ग्राम पंचायत निवासी रोहित की याचिका पर दिया। याची की ओर से अधिवक्ता मोतीलाल यादव ने अदालत को बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूची और विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में 468 मतदाताओं का अंतर है।
पंचायत सूची में 1987, विधानसभा सूची में 1519 मतदाता
याचिका पर सुनवाई के दौरान अधिवक्ता ने बताया कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में 1,987 मतदाता दर्ज हैं, जबकि विधानसभा चुनाव के लिए तैयार सूची में केवल 1,519 मतदाता हैं। इस तरह दोनों सूचियों में 468 मतदाताओं का अंतर है।
वहीं, केंद्रीय चुनाव आयोग की ओर से पेश अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि दोनों मतदाता सूचियां अलग-अलग मानकों के आधार पर तैयार की जाती हैं। उनका कहना था कि विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची तैयार करते समय यदि कोई व्यक्ति संबंधित विधानसभा क्षेत्र में तीन या उससे अधिक साल से निवास नहीं कर रहा है तो उसका नाम सूची से हटा दिया जाता है।
यूपी पंचायत चुनाव की सूची में 12.58 करोड़ से ज्यादा मतदाता
पंचायत चुनाव के लिए जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, उत्तर प्रदेश में कुल 12 करोड़ 58 लाख 51 हजार 570 मतदाता हैं। वर्ष 2021 में यह संख्या 12 करोड़ 29 लाख 50 हजार 52 थी। इस तरह इस बार मतदाताओं की संख्या में 29 लाख 1 हजार 518 की बढ़ोतरी हुई है।
पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत हुए विशेष पुनरीक्षण में बड़ी संख्या में नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। वहीं मृत, स्थानांतरित और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए। आंकड़ों के मुताबिक पुनरीक्षण के दौरान 2 करोड़ 32 लाख 24 हजार 805 नाम जोड़े गए, जबकि 2 करोड़ 3 लाख 23 हजार 287 नाम हटाए गए।
जौनपुर में सबसे ज्यादा मतदाता
अंतिम सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा मतदाता जौनपुर जिले में हैं। यहां कुल 36 लाख 97 हजार 376 मतदाता दर्ज हैं। इसके बाद प्रयागराज में 34 लाख 95 हजार 203, सीतापुर में 31 लाख 18 हजार 29, गोरखपुर में 29 लाख 63 हजार 142 और लखीमपुर खीरी में 28 लाख 87 हजार 290 मतदाता हैं।
अब रायबरेली की मखदूमपुर ग्राम पंचायत की दोनों मतदाता सूचियों में अंतर को लेकर केंद्रीय और राज्य चुनाव आयोग के जवाब के बाद ही स्थिति और स्पष्ट होगी। हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों को चार सप्ताह का समय दिया है।
Also Read: Bareilly News: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

