दिल्ली के सीमापुरी में बहुमंजिला इमारत ढही, मलबे में दबे कई लोग, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: सत्य निकेतन हादसे के लगभग एक महीने बाद राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक और इमारत गिर गई है। मछली मंडी के पास स्थित यह बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना दोपहर करीब सवा 3 बजे फायर विभाग को दी गई, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और दमकल की चार गाड़ियाँ तुरंत मौके पर पहुँचीं। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है और स्थानीय निवासियों की मदद से बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
बच्चों को निकाला गया, कुछ लोग अब भी फंसे
मकान मालिक और स्थानीय निवासी सलीम ने बताया कि यह हादसा अचानक हुआ। उन्होंने बताया कि मलबे से उनके दामाद, बेटी और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, तीन अन्य लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं। बचाव दल क्रेन की सहायता से छत का मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को निकालने के प्रयास में जुटा है।
दिल्ली के सीमापुरी में 5 मंजिला इमारत ढहने से हड़कंप।
कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका।
राहत-बचाव अभियान जारी, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।#Delhi #Seemapuri pic.twitter.com/y0QpSZbpro
— Payall Singhh (@PayallSingh13) October 7, 2026
5-6 लोग अस्पताल भेजे गए, घायलों से हो रही बातचीत
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने जानकारी दी कि अब तक करीब 5 से 6 घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया जा चुका है। राहत कार्य तेजी से चल रहा है। डीसीपी ने बताया कि मलबे के नीचे दो-तीन लोग दिख रहे हैं और वे होश में हैं तथा बचाव दल से बातचीत कर पा रहे हैं। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में आने के बाद ही हताहतों का सटीक आंकड़ा स्पष्ट हो पाएगा।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
हादसे के बाद इलाके में भारी भीड़ और बचाव वाहनों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। सीमापुरी गोल चक्कर, DLF भोपुरा और आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस इलाके की तरफ जाने से बचें, सड़कों पर गाड़ियाँ पार्क न करें और एम्बुलेंस व फायर टेंडरों को निकलने के लिए रास्ता दें।
Also Read: रायबरेली में वोटर लिस्ट के 468 नामों का अंतर, हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब

