लखनऊ में नकली सोने की ईंट दिखाकर 20 लाख से ज्यादा की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ में सर्राफा कारोबारी से नकली सोने की ईंटों के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सोने की परत चढ़ी ब्रॉन्ज और दूसरी धातु की चार ईंटों को असली सोना बताकर कारोबारी से 2861 ग्राम सोने के आभूषण और 20 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी ले ली। चौक पुलिस ने मामले में हापुड़ निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

चार नकली ईंटों को बताया असली सोना
पुलिस के अनुसार, सर्राफा कारोबारी संजीव कुमार रस्तोगी, निवासी पीर बुखारा, ठाकुरगंज ने 10 सितंबर 2026 को थाना चौक में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने धोखाधड़ी कर सोने की परत चढ़ी ब्रॉन्ज/अन्य धातु की चार ईंटों को असली सोना बताकर उनसे आभूषण और नकदी हासिल की।

शिकायत के आधार पर थाना चौक में मु0अ0सं0-204/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अजय चौधरी निवासी रोहतक और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
डेढ़ साल से बना रहे थे योजना
पुलिस की जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब डेढ़ साल से इस वारदात की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक लखनऊ के कई सर्राफा कारोबारी उनके निशाने पर थे। इसी योजना के तहत संजीव कुमार रस्तोगी के साथ ठगी की गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए खास सावधानी बरतते थे। संबंधित व्यापारी से बातचीत के लिए एक मोबाइल फोन और सिम का इस्तेमाल किया जाता था। लखनऊ पहुंचने के बाद ही उस फोन को सक्रिय किया जाता था। आरोपी अपने निजी मोबाइल और पहचान से जुड़े दस्तावेज भी साथ नहीं रखते थे।
सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचने के लिए आरोपी पब्लिक ट्रांसपोर्ट और बसों का ज्यादा इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस भी बढ़ाई है।
जेनेश्वर मिश्र पार्क के पास से गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में सामने आए आरोपी अनवर पुत्र अब्दुल अजीज (करीब 48 वर्ष) को 6 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:50 बजे जेनेश्वर मिश्र पार्क के पास, गोमती नगर विस्तार से गिरफ्तार किया। आरोपी हापुड़ के खजूरी कोठी, मीनाक्षी रोड, किला कोना, गढ़गेट का रहने वाला है। उसे न्यायालय के सामने पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 18 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसमें 500 रुपये की 37 गड्डियां शामिल हैं। इसके अलावा 217.48 ग्राम पीली धातु के जेवरात बरामद हुए हैं। इनमें 24 कंगन (92.480 ग्राम), 5 हार (95.62 ग्राम) और एक ब्रेसलेट (29.6 ग्राम) शामिल है।
मामले में वांछित आशू, मुसाहिद और सरफराज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की जांच और अन्य जरूरी कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय, चौकी प्रभारी चौक उपनिरीक्षक जयकृष्ण द्विवेदी, उपनिरीक्षक दीपांकर शर्मा, उपनिरीक्षक दीपक शाक्य, हेड कांस्टेबल चालक भूपेन्द्र सिंह और कांस्टेबल परम सिंह शामिल रहे।
Also Read: लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ से 40 हजार लोग प्रभावित, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने लिया जायजा

