योगी के ‘80-20’ बयान पर AIMIM का पलटवार, बोली- CM 80 नहीं 100% जनता के मुख्यमंत्री
CM Yogi Adityanath 80-20 Statement: उत्तर प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘80-20’ बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की पार्टी AIMIM ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार किया है। पार्टी के मध्य उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शेख ताहिर सिद्दीकी ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह की बातें शोभा नहीं देतीं।
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की राजनीति में ‘80-20 की लड़ाई’ की बात कही थी और 80 फीसदी को NDA जबकि 20 फीसदी को PDA से जोड़ा था। इसी को लेकर AIMIM नेता ने सवाल उठाया कि 20 फीसदी आबादी को अलग रखकर सिर्फ 80 फीसदी की राजनीति कैसे की जा सकती है।
‘मुख्यमंत्री 100 फीसदी जनता के होते हैं’
शेख ताहिर सिद्दीकी ने कहा कि मुख्यमंत्री किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की जनता के होते हैं। उनका कहना है कि योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) 80 फीसदी नहीं, बल्कि 100 फीसदी जनता के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि 20 फीसदी लोगों को अलग करके राजनीति की बात करना संविधान की भावना के अनुरूप नहीं है।
AIMIM नेता ने सरकार पर अल्पसंख्यकों के खिलाफ कार्रवाई का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई के जरिए अल्पसंख्यक समाज को निशाना बनाया गया। दरगाहों, मस्जिदों और मदरसों पर कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। मुस्लिम महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के मामलों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
‘80-20 की राजनीति वोट साधने की कोशिश’
शेख ताहिर ने कहा कि देश की आजादी और निर्माण में सभी समुदायों की भागीदारी रही है। 80 और 20 की पहचान से अलग सभी लोग देश का हिस्सा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने पर 80-20 की राजनीति के जरिए वोट साधने की कोशिश की जा रही है।
AIMIM नेता ने दावा किया कि 20 फीसदी आबादी का बार-बार जिक्र सरकार की राजनीतिक चिंता को दिखाता है। उन्होंने कहा कि सरकार को सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार और न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।
Also Read: PDA का उत्पीड़न जारी, उपलब्धियों के नाम पर भाजपा दिवालिया’, अखिलेश का BJP पर बड़ा हमला

