‘PDA का उत्पीड़न जारी, उपलब्धियों के नाम पर भाजपा दिवालिया’, अखिलेश का BJP पर बड़ा हमला

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने चिरपरिचित धमकी भरे अंदाज में खुद स्वीकार कर लिया है कि उनके शासन में पीडीए का उत्पीड़न रुकने वाला नहीं है।

अखिलेश ने कहा कि इसका मतलब साफ है कि पीड़ित, दुखी, अपमानित तथा पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी और आदिवासी वर्ग के साथ भाजपा सरकार का अन्याय और अत्याचार आगे भी जारी रहने वाला है।

उन्होंने मुख्यमंत्री की ‘पांच सेकंड की स्वीकारोक्ति’ को लेकर कहा कि पीडीए को धमकी देने वाली यह बात पीडीए का दमन करने वालों को आने वाले लंबे समय तक जवाब देती रहेगी।

सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री को सोते-जागते हर समय ‘पीडीए-ही-पीडीए’ दिखाई देता है तो 108 मनकों पर ‘पीडीए’ लिखवाकर उसकी माला बनाकर जाप करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शायद इससे उनके कुछ पाप कम हो जाएं।

2024 की हार से भाजपा का संतुलन बिगड़ा

अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा का संतुलन बिगड़ गया है। उनके मुताबिक इसी वजह से इस तरह के असंतुलित बयान सामने आ रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा के पास अपनी उपलब्धियों और जनहित के मुद्दों पर कहने के लिए आखिर क्या बचा है। अखिलेश ने कहा, ‘उपलब्धियों के स्तर पर भाजपा दिवालिया हो चुकी है।’ उन्होंने यह भी कहा कि जनता ‘चढ़ावा चोरों’ की बातें सुनने के मूड में नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपना विश्वास और जनाधार खो चुकी है। देश में वैमनस्यपूर्ण धर्मांधता की राजनीति के खिलाफ विवेकशील पुनर्जागरण का नया दौर शुरू हो चुका है और नई पीढ़ी सौहार्द व सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही है।

भाजपा में न सलाह, न सम्मान

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अब भाजपा के लोग भी समझने लगे हैं कि भाजपा किसी की सगी नहीं है। उन्होंने कहा कि न सरकार में किसी की सुनी जाती है और न संगठन में।

अखिलेश ने भाजपा पर एकाधिकारी सोच और एकाकी मानसिकता से ग्रसित होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब किसी को स्थान ही नहीं मिलेगा तो सम्मान कैसे मिलेगा। उनके मुताबिक भाजपा में न किसी मामले में सलाह ली जाती है और न निर्णय प्रक्रिया में कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाता है।

अंदर से टूट चुकी है भाजपा

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अपनी दकियानूसी और विघटनकारी सोच के कारण बदलते प्रगतिशील समाज और नई पीढ़ी की सकारात्मक सोच का सामना नहीं कर पा रही है।

उन्होंने भाजपा नेताओं को ‘बिन घाट के भाजपाई’ बताते हुए दावा किया कि पार्टी के भीतर असंतोष और निराशा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने अंतिम दौर में है और उसके भीतर भी टूटन बढ़ रही है।

अखिलेश ने कहा, ‘भाजपा का अंत ऐतिहासिक होगा।’ उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा के कथित कुकर्मों की दुहाई भी खुद कोई न कोई भाजपाई देने लगा है।

Also Read: लखनऊ में ग्राइंडर ऐप से युवक को बुलाकर बनाया बंधक, 10 हजार कराए ट्रांसफर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.