बिजनौर में मामूली विवाद के बाद ट्रिपल मर्डर, भीड़ पर दौड़ाया ट्रैक्टर, 3 लोगों की कुचलकर मौत
Bijnor Triple Murder: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बुधवार देर रात विवाद के बाद तीन लोगों की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना चांदपुर क्षेत्र के जमालुद्दीनपुर गांव में शराब की दुकान के पास हुई। विवाद के बाद ट्रैक्टर चालक ने घर के बाहर खड़े लोगों की ओर वाहन दौड़ा दिया, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, दत्तियाना निवासी एक व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर जमालुद्दीनपुर पहुंचा था। शराब की दुकान के पास उसका किसी व्यक्ति से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद उसने ट्रैक्टर स्टार्ट किया और वहां मौजूद लोगों की तरफ दौड़ा दिया।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से महेंद्र, उदयवीर और बाबूराम गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चांदपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उदयवीर और बाबूराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में महेंद्र को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
ट्रैक्टर पलटा, चालक भी घायल

तीन लोगों को कुचलने के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक खंभे से टकराया और पलट गया। हादसे में चालक भी घायल हो गया। उसे पहले सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
तीन लोगों की मौत (Bijnor Triple Murder) की खबर से गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही एसडीएम प्रशांत वर्मा और सीओ देश दीपक सिंह सीएचसी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना (Bijnor Triple Murder) के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।
Also Read: प्रयागराज में 15 हजार के लिए दोस्तों ने 17 साल के छात्र की हत्या, नाले में फेंका शव, कटा मिला अंगूठा

