Lucknow News: हत्या के साजिशकर्ता डॉक्टर की आखिर कब होगी गिरफ्तारी

Lucknow News: पुरानी रंजिश में अधेड़ किसान की योजनाबद्ध तरीके से हुई हत्या के मामले में मलिहाबाद पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वारदात के करीब डेढ़ सप्ताह बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी और उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। दूसरी ओर, पुलिस ने न्याय की मांग कर रहे ढाई सौ से अधिक ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गाड़ी से कुचलकर ली थी किसान की जान

घटना 28 सितंबर की देर रात करीब साढ़े आठ बजे कसमंडीकलां (कुम्हारन टोला) की है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के तहत गांव के ही डाला चालक फरजान ने 55 वर्षीय किसान श्यामलाल प्रजापति को अपनी गाड़ी (डाले) से कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस हादसे में एक महिला और 6 साल की बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने डाला चालक फरजान, डॉक्टर शकील और अकील के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और साजिश रचने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

न्याय माँगने वाले ग्रामीणों पर हुई एफआईआर

वारदात के बाद गुस्साए परिजनों, ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शव सड़क पर रखकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के बजाय प्रदर्शन कर रहे 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ ही दरोगा विवेक कुमार की तहरीर पर 1 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर लिया। अब पुलिस वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए प्रदर्शनकारियों की पहचान कर उन पर शिकंजा कसने में जुटी है।

साजिशकर्ता पुलिस की गिरफ्त से दूर

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी डाला चालक फरजान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन षड्यंत्र रचने के आरोपी डॉक्टर शकील और अकील अब भी खुले घूम रहे हैं। लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि डॉक्टर शकील रसूखदार और धनाढ्य व्यक्ति है, जिसके कारण पुलिस के साथ उसकी साठगांठ है और उसे बचाया जा रहा है। अब देखना यह है कि मलिहाबाद पुलिस साजिशकर्ताओं को कब तक सलाखों के पीछे भेजती है।

रिपोर्ट- सुरेन्द्र कुमार

Also Read: Bareilly News: पुलिस से मुठभेड़ में इनामी बदमाश के पैर में लगी गोली, साथी समेत गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.