कानपुर देहात मेडिकल कॉलेज में पूर्व सांसद से धक्कामुक्की, गार्ड 10 दिन के लिए सस्पेंड

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में बुधवार को मेडिकल कॉलेज में पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी और एक सुरक्षा गार्ड के बीच विवाद हो गया। अनिल शुक्ल वारसी गुरुकुल के कुछ बीमार बच्चों को इलाज कराने के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लंबी लाइन देखकर वह खुद भी लाइन में लग गए।

बताया गया कि कुछ कर्मचारियों ने उन्हें अलग से पर्चा बनवाने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान एक गार्ड ने उन्हें धक्का दे दिया। इसके बाद पूर्व सांसद ने नाराजगी जताई। आरोप है कि गार्ड और उसकी पत्नी ने उनके साथ अपशब्द कहे। दोनों के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

गार्ड 10 दिन के लिए सस्पेंड

विवाद बढ़ने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अंबरीष गुप्ता ने प्रथम दृष्टया गार्ड की गलती सामने आने पर उसे 10 दिन के लिए निलंबित कर दिया। प्राचार्य ने कहा कि गार्ड और उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को शासन को भेजा जाएगा।

पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्रेशन में लंबी लाइन के कारण कई मरीजों का ओपीडी समय तक पर्चा नहीं बन पा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में डॉक्टरों की तैनाती के बावजूद अधिकांश डॉक्टर फर्जी हाजिरी लगा रहे हैं। अनिल शुक्ल वारसी ने कहा कि वह सुबह 11 बजे तक लाइन में लगे रहे, लेकिन उनका पर्चा नहीं बन सका। उन्होंने मामले की शिकायत डिप्टी सीएम से करने की बात कही।

प्राचार्य ने डॉक्टरों की गैरहाजिरी का आरोप नकारा

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अंबरीष गुप्ता ने डॉक्टरों के नदारद रहने के आरोप को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की बायोमीट्रिक हाजिरी लग रही है।

विवाद के दौरान गार्ड की पत्नी भी मौके पर आ गई थीं। वायरल वीडियो में उनके गाली देने के बाद पूर्व सांसद अनिल वारसी उन्हें यह कहते नजर आते हैं, “तुझको तेरे बेटों के साथ मारूंगा।” बाद में वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को अलग कराया।

पूर्व सांसद ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि गार्ड ने उन्हें धक्का दिया था और उसकी पत्नी ने गाली दी थी। इसी पर गुस्से में उन्होंने भी यह बात कही थी।

Also Read: महिला पुलिस से धक्का-मुक्की करने का वीडियो वायरल, राहुल और प्रियंका गांधी पर FIR दर्ज 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.