बरेली पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से बरामद किए 411 मोबाइल, मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

Bareilly News: बरेली जिले में आम जनता के खोए और चोरी हुए मोबाइल फोनों को बरामद करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल, साइबर टीम और विभिन्न थानों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सितंबर 2026 में 411 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन सभी मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 82 लाख रुपये बताई जा रही है, जिन्हें पुलिस ने उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया।

बरेली पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से बरामद किए 411 मोबाइल

सर्विलांस और CEIR पोर्टल ने निभाई अहम भूमिका

बरेली पुलिस ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और आधुनिक तकनीकी सर्विलांस का उत्कृष्ट इस्तेमाल कर इन मोबाइलों का सुराग लगाया। इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रेमनगर, कैंट, सुभाषनगर, सीबीगंज, सिरौली, शाही, आंवला, फरीदपुर, बहेड़ी समेत 19 थानों की साइबर टीमों को 1500-1500 रुपये के नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिले में चलाए जा रहे इस निरंतर अभियान के तहत इस वर्ष जनवरी 2026 से सितंबर 2026 तक कुल 3,506 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस द्वारा इस अवधि में बरामद किए गए सभी फोनों की अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 1 लाख 20 हजार रुपये है। बरामदगी के मामले में थाना सुभाषनगर की टीम 42 मोबाइल फोन रिकवर कर शीर्ष पर रही। वहीं थाना बहेड़ी ने 29, इज्जतनगर ने 28, आंवला ने 27, बारादरी ने 23 और कोतवाली पुलिस ने 20 मोबाइल बरामद कर अपने-अपने स्वामियों तक पहुँचाए। इसके अलावा जिले के अन्य सभी थानों और जनपदीय सर्विलांस सेल का भी सराहनीय योगदान रहा।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: बरेली में पत्नी के सिर पर ईंट मारकर हत्या, बेटी लेकर भागा पति, दो बेटे भी लापता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.