सीतापुर में मिड-डे मील की कालाबाजारी में इनामी पति-पत्नी गिरफ्तार, 40 हजार का था इनाम
Sitapur News: सीतापुर में स्कूली बच्चों के मिड-डे मील के लिए आवंटित खाद्यान्न की कथित कालाबाजारी और हेराफेरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रामकोट पुलिस ने इस मामले में वांछित चल रहे ठेकेदार रवि मिश्रा और उसकी पत्नी मंजू मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर पुलिस ने 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक, रामकोट थाना क्षेत्र में मिड-डे मील योजना के तहत स्कूली बच्चों के लिए दिए गए खाद्यान्न में हेराफेरी और कालाबाजारी का मामला सामने आया था। इसके बाद रामकोट थाने में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
शहर कोतवाली क्षेत्र की नई ग्वाल मंडी निवासी रवि मिश्रा और उसकी पत्नी मंजू मिश्रा इस मामले में वांछित चल रहे थे। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर दोनों पर अलग-अलग 20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष निर्देश दिए थे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार यादव के नेतृत्व में रामकोट पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने गुरुवार को रवि मिश्रा और मंजू मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस गिरफ्तारी को खाद्यान्न हेराफेरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में वांछित और इनामी आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
पति-पत्नी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक लालधर प्रसाद, कांस्टेबल सोहन सिंह, रिक्रूट आरक्षी हिमांशु अवस्थी, महिला आरक्षी प्रतिभा गंगवार और रिक्रूट महिला आरक्षी दिव्या त्रिपाठी शामिल रहीं।
Also Read: बरेली पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से बरामद किए 411 मोबाइल, मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

