लखनऊ में गोमती का जलस्तर बढ़ा, इकाना-पलासियो के पास जलभराव से निपटने में जुटा LDA
Lucknow Flood News: लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद इकाना स्टेडियम, पलासियो मॉल और आसपास के इलाकों में हुए जलभराव से निपटने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने राहत और जल निकासी अभियान तेज कर दिया है। प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए 26 पंपिंग सेट लगाए गए हैं। इनसे लगातार पानी की निकासी की जा रही है।

एलडीए के मुताबिक, गुरुवार शाम 5 बजे तक प्रभावित इलाकों में जलभराव की स्थिति में काफी सुधार हुआ। पानी का स्तर लगातार कम हो रहा है।
बोल्डर और मिट्टी से पानी का प्रवेश रोका
गोमती नदी का पानी जिस जगह से योजना क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था, वहां बोल्डर और मिट्टी डालकर मजबूत अस्थायी व्यवस्था तैयार की गई है। इससे नदी के पानी को इलाके में आने से रोकने में मदद मिली है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार और सचिव सुशील प्रताप सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने राहत और जल निकासी के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद अलग-अलग पॉकेट में तैनात मैनपावर को करीब डेढ़ गुना बढ़ा दिया गया है।
तीन शिफ्ट में 24 घंटे निगरानी, दो जगह एंट्री बंद
अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों की टीमें तीन शिफ्ट में 24 घंटे प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। इसका उद्देश्य किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटना है।
सुरक्षा को देखते हुए सीजी सिटी अर्बन वेटलैंड और नौसेना शौर्य वाटिका को अग्रिम आदेश तक आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। एलडीए की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
Also Read: लखनऊ में 75 जिलों के NHM कर्मियों का प्रदर्शन, नियमितीकरण और समान वेतन की मांग

