लखनऊ के मलिहाबाद में भैंस को बचाने नाले में उतरा युवक डूबा, रस्सी छूटी तो तेज बहाव में बहा

Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में बेहता नाले में जलकुंभी में फंसी भैंस को बचाने की कोशिश में एक युवक डूब गया। उसके तीन साथी रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। रहीमाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल सका है।

रहीमाबाद थाना क्षेत्र के तरौना गांव निवासी सूरज कुमार मौर्य (20) अपने साथी मोहित, पिंटू और नीरज के साथ तरौना पुल पार कर अपनी भैंस को खोलने गए थे। इसी दौरान भैंस पानी पीने के लिए बेहता नाले में चली गई। वह नाले में जलकुंभी के बीच फंस गई।

रस्सी छूटते ही तेज बहाव में डूबा सूरज

भैंस को बाहर निकालने के लिए चारों युवक रस्सी के सहारे नाले में उतर गए। इसी दौरान सूरज के हाथ से रस्सी छूट गई। नाले के तेज बहाव में वह डूबने लगा। यह देखकर उसके साथियों ने परिजनों और रहीमाबाद पुलिस को सूचना दी।

लखनऊ के मलिहाबाद में भैंस को बचाने नाले में उतरा युवक डूबा, रस्सी छूटी तो तेज बहाव में बहा

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोर सूरज की तलाश में जुटे हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी मलिहाबाद ज्ञानेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान का जायजा लिया।

दो सप्ताह पहले ही पुणे से घर आया था सूरज

सूरज कुमार मौर्य पुणे के एक होटल में काम करता था। वह करीब दो सप्ताह पहले ही घर आया था। सूरज अविवाहित था।

परिवार में उसके पिता विजय मौर्य, मां दुलारा, छोटा भाई राज मौर्य और तीन बहनें गीता, सीता और सपना हैं। सूरज के न मिलने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और गोताखोर लगातार नाले में उसकी तलाश कर रहे हैं।

Also Read: लखनऊ में गोमती का जलस्तर बढ़ा, इकाना-पलासियो के पास जलभराव से निपटने में जुटा LDA 

रिपोर्ट :- सुरेन्द्र कुमार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.