Lucknow News: होमगार्ड ने सोते समय पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट, पुलिस को फोन कर दी मर्डर की सूचना
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ भोला खेड़ा मोहल्ले में तैनात एक होमगार्ड ने शुक्रवार तड़के अपनी पत्नी और बेटी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने तड़के करीब 3 बजे दोनों के सोते समय तार से गला घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर अपनी जुर्म कबूलते हुए कहा- मैंने मर्डर कर दिया है, आकर गिरफ्तार कर लो।
ग्राउंड फ्लोर पर बेटी और फर्स्ट फ्लोर पर पड़ा था पत्नी का शव
हत्या की सूचना मिलते ही कृष्णानगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस जब मकान के अंदर दाखिल हुई तो हैरान कर देने वाला नजारा था, ग्राउंड फ्लोर के कमरे में बेटी का शव पड़ा था, जबकि फर्स्ट फ्लोर पर पत्नी की लाश पड़ी हुई थी। शव के पास ही आरोपी रविंद्र शंकर गुप्ता (58) शांति से बैठा हुआ था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी होमगार्ड को हिरासत में ले लिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पारिवारिक विवाद और बेटी के फोन पर बात करने से नाराज था आरोपी
मृतकों की पहचान आरोपी की पत्नी श्याम दुलारी (55) और बेटी पूजा साहू (32) के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी (DCP) मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ और पड़ताल में सामने आया है कि बेटी पूजा किसी युवक से फोन पर बातचीत करती थी। इस बात को लेकर घर में अक्सर तीखा विवाद और कहासुनी होती रहती थी। इसी से नाराज होकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए दोनों शव, जांच जारी
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस इस मामले में पारिवारिक क्लेश समेत सभी अन्य संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: जमीन के लिए बेटे ने पत्नी संग की पिता की हत्या, आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे पर लटकाया

