Lucknow News: पेंटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पार्टी के दौरान दोस्त पर मारपीट का आरोप

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरदोई जिले के रहने वाले 28 वर्षीय पेंटर सुखपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सुखपाल कमरे के बाहर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने तत्काल उन्हें एम्बुलेंस की मदद से लोकबंधु अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोस्त के साथ पार्टी के दौरान हुआ था विवाद

प्राथमिक जाँच में सामने आया है कि मृतक सुखपाल अपने मित्र राजेश रावत उर्फ ‘काली’ के साथ पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और वाद-विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राजेश रावत ने सुखपाल के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अंततः उनकी जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (दक्षिण), अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) और सहायक पुलिस आयुक्त (कृष्णानगर) ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इलाके को सील कर फॉरेंसिक फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। मृतक के परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया के लिए लोकबंधु अस्पताल के मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ने घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजेश रावत उर्फ काली की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए 4 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया है। गठित टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार, परिजनों की तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह बनी हुई है।

रिपोर्ट- राजा शेख

Also Read: Lucknow News: होमगार्ड ने सोते समय पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट, पुलिस को फोन कर दी मर्डर की सूचना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.