Bareilly News: केसर शुगर मिल रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा ओवरब्रिज, 47.91 करोड़ रुपये मंजूर
Bareilly News: पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र की बहेड़ी विधानसभा में लंबे समय से चली आ रही आवागमन की गंभीर समस्या का अब स्थायी समाधान होने जा रहा है। स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों के फलस्वरूप रेल मंत्रालय ने बहेड़ी स्थित केसर शुगर मिल के पास रेलवे क्रॉसिंग (एलसी सं. 28) पर ओवरब्रिज (ROB) निर्माण के लिए 47.91 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस ओवरब्रिज के बनने से आम जनता को लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति मिलेगी और गन्ना किसानों का आवागमन सुगम हो सकेगा।
रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से मिलेगी मुक्ति
केसर शुगर मिल के पास स्थित यह रेलवे क्रॉसिंग बहेड़ी और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। इस वजह से व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, आम नागरिकों और आपातकालीन स्थिति में अस्पताल जाने वाले मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। ओवरब्रिज बनने के बाद सड़क और रेल यातायात अलग-अलग संचालित होंगे, जिससे बहेड़ी के बाजार, अस्पताल, विद्यालय और तहसील कार्यालय आने-जाने वालों का समय बचेगा।
गन्ना पेराई सत्र में किसानों को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ
गन्ना पेराई सत्र के दौरान यह समस्या और भी विकराल हो जाती है। सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लादकर केसर शुगर मिल पहुँचते हैं। फाटक बंद होने के कारण किसानों को अपनी गाड़ियों के साथ कतार में लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनके समय और संसाधनों की बर्बादी होती है। ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद गन्ने से लदे वाहनों को बिना रुके मिल तक पहुँचने में आसानी होगी, जिससे चीनी मिल तक गन्ने की आपूर्ति निर्बाध रूप से हो सकेगी।
जनसुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता: जितिन प्रसाद
परियोजना की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा, केसर शुगर मिल क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज की स्वीकृति बहेड़ी के नागरिकों और गन्ना किसानों की सालों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के विकास और यहाँ के निवासियों की समस्याओं के निराकरण के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ओवरब्रिज निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति की खबर मिलते ही बहेड़ी के गन्ना किसानों, स्थानीय व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने इस सौगात के लिए केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रति आभार व्यक्त किया है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: यूपी में किसानों से 2.85 लाख टन मोटे अनाज की होगी खरीद, बाजरे के MSP में ₹125 की बढ़ोतरी

