यूपी में किसानों से 2.85 लाख टन मोटे अनाज की होगी खरीद, बाजरे के MSP में ₹125 की बढ़ोतरी

UP Farmers News: उत्तर प्रदेश में किसानों से मक्का, बाजरा और ज्वार की सरकारी खरीद के लिए योगी सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की क्रय नीति तय कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके तहत प्रदेश में कुल 2.85 लाख मीट्रिक टन मोटे अनाज की खरीद का कार्यकारी लक्ष्य प्रस्तावित है। खरीद के लिए 455 क्रय केंद्र खोलने की तैयारी है। खरीद अवधि एक अक्टूबर से 31 दिसंबर तक निर्धारित की गई है।

कैबिनेट बैठक के बाद खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि किसानों से भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की जाएगी। नई नीति में बाजरे का समर्थन मूल्य 2775 रुपये से बढ़ाकर 2900 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। यानी इसमें 125 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। मक्का का MSP 2410 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।

वहीं, हाइब्रिड ज्वार का समर्थन मूल्य 3699 रुपये से बढ़ाकर 4023 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। इसमें 324 रुपये की वृद्धि हुई है। ज्वार मालदांडी का समर्थन मूल्य 4073 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

बाजरे की सबसे ज्यादा खरीद, 455 केंद्र खोलने की तैयारी

सरकार ने कुल 2.85 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य प्रस्तावित किया है। इसमें बाजरे की 2.20 लाख मीट्रिक टन, ज्वार की 50 हजार मीट्रिक टन और मक्का की 15 हजार मीट्रिक टन खरीद शामिल है। इसके लिए बाजरे के 300, ज्वार के 80 और मक्का के 75 क्रय केंद्र प्रस्तावित हैं। केंद्र उन क्षेत्रों में बनाए जाएंगे, जहां संबंधित फसल की अच्छी आवक और सरकारी खरीद की पर्याप्त संभावना है।

मक्का की खरीद 25 जिलों में होगी। इनमें बुलंदशहर, बदायूं, हरदोई, उन्नाव, मैनपुरी, आगरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बहराइच, गोंडा, देवरिया, बलिया, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र और ललितपुर शामिल हैं।

बाजरे की खरीद 33 जिलों में प्रस्तावित है। इनमें बुलंदशहर, रामपुर, संभल, अमरोहा, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, फर्रुखाबाद, औरैया, कन्नौज, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, जालौन, चित्रकूट और हमीरपुर शामिल हैं।

ज्वार की सरकारी खरीद 13 जिलों में होगी। इनमें उन्नाव, हरदोई, फिरोजाबाद, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, मिर्जापुर, झांसी, जालौन, बांदा, हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट शामिल हैं।

ऑनलाइन पंजीकरण, बायोमेट्रिक सत्यापन जरूरी

सरकारी खरीद का लाभ लेने के लिए किसानों को खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट www.fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। क्रय केंद्रों पर कंप्यूटरीकृत सत्यापित खतौनी, फोटोयुक्त पहचान पत्र और आधार कार्ड के आधार पर मक्का, बाजरा व ज्वार की खरीद की जाएगी। किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट ऑफ परचेज (ई-पॉप) मशीन से होगा। पूरी प्रक्रिया राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के विकसित सॉफ्टवेयर पर ऑनलाइन संचालित की जाएगी।

खाद्य एवं रसद मंत्री के मुताबिक, खरीदी गई उपज का पैसा किसानों के आधार से जुड़े और एनपीसीआई से मैप किए गए बैंक खातों में भेजा जाएगा। इसके लिए भारत सरकार के सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (PFMS) पोर्टल से बैंक खातों का सत्यापन होगा। सत्यापन के बाद यथासंभव 48 घंटे के भीतर भुगतान सीधे किसानों के खातों में भेजने की व्यवस्था की गई है।

Also Read प्रोटीन के दावों पर FSSAI सख्त, Dr. Reddy’s से लेकर Amazon-Flipkart तक 6 कंपनियों को नोटिस 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.