UP में 1.20 करोड़ लोगों की पेंशन बढ़ाने की तैयारी, हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये

Uttar Pradesh Pension Increase: उत्तर प्रदेश में बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए राहत की तैयारी है। राज्य सरकार इन तीनों वर्गों की पेंशन 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रतिमाह करने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है। प्रस्ताव नवंबर के दूसरे पखवाड़े में कैबिनेट के सामने लाए जाने की संभावना है।

सरकार का लक्ष्य तीसरी तिमाही से बढ़ी हुई पेंशन देने का है। इसके लिए अनुपूरक बजट में जरूरी धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। हालांकि, बढ़ी हुई पेंशन का लाभ कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही मिल सकेगा।

हर लाभार्थी को सालाना 6,000 रुपये का अतिरिक्त लाभ

प्रस्ताव मंजूर होने पर हर लाभार्थी को महीने में 500 रुपये अधिक मिलेंगे। इससे सालाना पेंशन 12,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हो जाएगी। यानी प्रत्येक लाभार्थी को एक साल में 6,000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।

वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत दूसरी तिमाही में 67 लाख से अधिक बुजुर्गों को पेंशन दी जा रही है। पहली तिमाही में यह संख्या 65.60 लाख से अधिक थी।

निराश्रित महिला पेंशन योजना में भी लाभार्थियों की संख्या बढ़ी है। दूसरी तिमाही में 42,35,911 महिलाओं को पेंशन मिली, जबकि पहली तिमाही में यह संख्या 41,37,176 थी। इस तरह एक तिमाही में 98,735 महिला लाभार्थी बढ़ीं। वहीं, दिव्यांगजन पेंशन योजना के लाभार्थियों की संख्या 12 लाख से अधिक है। तीनों योजनाओं को मिलाकर लाभार्थियों की संख्या 1.20 करोड़ से ज्यादा है।

समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार बुजुर्गों को आर्थिक सहारा देने के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन बढ़ने से 67 लाख से अधिक बुजुर्गों को सीधा लाभ मिलेगा।

दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि पेंशन में बढ़ोतरी दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम होगी। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को आर्थिक सहारा देने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

2017 के बाद पेंशन बढ़कर 1,000 रुपये हुई थी

प्रदेश सरकार ने वर्ष 2017 के बाद वृद्धावस्था और दिव्यांगजन पेंशन को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिमाह किया था। निराश्रित महिला पेंशन भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये की गई थी।

अब तीनों योजनाओं में पेंशन 1,500 रुपये प्रतिमाह करने की तैयारी है। प्रस्ताव लागू होने पर इन योजनाओं के तहत मिलने वाली पेंशन वर्ष 2017 के मुकाबले तीन गुना हो जाएगी।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कर्मचारियों के मानदेय में भी बढ़ोतरी

उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की 118वीं बैठक में कर्मचारियों के हित में तीन अहम फैसले लिए गए। शनिवार को बोर्ड अध्यक्ष डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि आउटसोर्सिंग निगम की ओर से तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के लिए निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। इससे इन कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी होगी।

बैठक में कर्मचारियों को अवकाश यात्रा रियायत (LTC) की सुविधा देने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा की गई। बोर्ड की अगली बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव लाया जाएगा और उसे मंजूरी दी जाएगी।

Also Read: मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सैफई पहुंचे अखिलेश, BJP पर वोट चोरी का लगाया आरोप 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.