प्रयागराज में STF दारोगा ने रिश्वत में मांगी 2 गाय, जर्मन शेफर्ड और फर्नीचर, दर्ज हुई FIR
UP STF Bribery Case: प्रयागराज की यूपी STF यूनिट में तैनात दारोगा रणेंद्र कुमार सिंह पर रिश्वत मांगने के आरोप में हरियाणा के हिसार (Hisar) में FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि उन्होंने एक मुकदमे से नाम निकलवाने के बदले दो गाय, जर्मन शेफर्ड कुत्ता और फर्नीचर खरीदने के लिए रुपये मांगे। हरियाणा के राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शिकायत और ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच के बाद 6 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया।
कभी 35 हजार तो कभी 10 हजार मांगने का आरोप
हिसार जिले के ब्यानाखेड़ा गांव निवासी मनवीर सिंह उर्फ मन्नू ने दारोगा के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने आरोपों के समर्थन में ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट भी दिए। जांच में सामने आया कि 1 फरवरी 2026 की एक रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर मेज-कुर्सी के लिए 35 हजार रुपये भेजने की बात कही गई। उसी दिन की दूसरी रिकॉर्डिंग में हिमांशु नाम के युवक के स्कैनर पर 10 हजार रुपये डालने का जिक्र है।
शिकायत में दो गाय मांगने का भी आरोप लगाया गया है। 3 फरवरी की रिकॉर्डिंग में शिकायतकर्ता की ओर से दो गाय भेजे जाने की बात सामने आई, जबकि 9 फरवरी की रिकॉर्डिंग में एक गाय और भैंस की मांग का आरोप है।
2023 के मुकदमे से जुड़ा मामला
FIR के मुताबिक, मनवीर सिंह के खिलाफ प्रयागराज के नवाबगंज थाने में 2 सितंबर 2023 को मुकदमा संख्या 393 दर्ज हुआ था। इसमें धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी IPC की धाराएं 419, 420, 467, 468 और 471 के साथ आबकारी अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई थीं। इस मामले में दारोगा रणेंद्र कुमार सिंह वादी हैं। इसी मुकदमे से नाम हटवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
हरियाणा के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जांच के बाद केस दर्ज करने की संस्तुति की थी। इसके बाद 14 अगस्त 2026 को हरियाणा पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय से मंजूरी मिली। 6 अक्टूबर को हिसार में मुकदमा दर्ज किया गया और जांच (UP STF Bribery Case) डीएसपी सोमवीर सिंह को सौंपी गई है। आरोपों की जांच जारी है।
Also Read: जमीन के लिए बेटे ने पत्नी संग की पिता की हत्या, आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे पर लटकाया

