रामपुर में कारोबारी की हत्या से हड़कंप, बदमाशों ने दुकान में घुसकर बरसाईं 4 गोलियां, हुई मौत

Rampur Murder: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में शनिवार शाम दुकान पर बैठे एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मिलक खानम थाना क्षेत्र के कुमारिया कला गांव में कार सवार दो बदमाशों ने वाशिंग हब की दुकान में घुसकर 30 वर्षीय नवजोत सिंह पर चार गोलियां चलाईं। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए नवजोत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस हत्या की वजह तलाश रही है।

घटना (Rampur Murder) शनिवार शाम करीब पांच बजे की है। नवजोत सिंह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी कार से पहुंचे दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन घायल कारोबारी को अस्पताल ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने फरार हमलावरों का पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।

पिता के इकलौते बेटे थे नवजोत

नवजोत सिंह टाह कला गांव के रहने वाले थे और कुमारिया कला में वाशिंग हब चलाते थे। वह अपने पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता खेती करते हैं, जबकि उनकी बहन कनाडा में नौकरी करती है। हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नवजोत ने करीब एक साल पहले 40 वर्षीय महिला से लव मैरिज की थी। महिला के पहले पति की मौत लगभग तीन साल पहले हो गई थी और उसके दो बेटे न्यूजीलैंड में नौकरी करते हैं।

पुलिस इस जानकारी समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक शादी या प्रेम प्रसंग को हत्या की वजह बताए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। हत्या (Rampur Murder) का कारण स्पष्ट नहीं है और पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी है।

Also Read: जमीन के लिए बेटे ने पत्नी संग की पिता की हत्या, आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे पर लटकाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.