रिहा हुए अभिजीत दीपके और उनके साथी, ध्रुव राठी भी सशर्त छोड़े गए, फिर प्रदर्शन का ऐलान

CJP Leaders Released: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke), आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) और सौरव दास (Saurav Das) को कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेशी के बाद रिहा कर दिया गया। पुलिस ने तीनों को निवारक हिरासत में रखा था। उनके खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई थी।

इसी बीच, यूट्यूबर ध्रुव राठी (Dhruv Rathee) को भी गुरुग्राम पुलिस ने देर रात रिहा कर दिया। उन्हें शनिवार सुबह गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित घर से हिरासत में लिया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने उनसे बाउंड भरवाया है और जंतर-मंतर जाने या वहां पहुंचने से जुड़ी पोस्ट करने पर दोबारा कार्रवाई की चेतावनी दी है।

CJP ने फिर प्रदर्शन का किया ऐलान

CJP नेता अजिंक्य शिंदे (Ajinkya Shinde) ने कहा कि पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों, नागरिक समाज के सदस्यों और राजनीतिक हस्तियों समेत 15,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने पार्टी नेताओं को हिरासत में रखने और उनके बारे में जानकारी देने में देरी पर भी सवाल उठाए।

शिंदे ने रविवार को जंतर-मंतर कूच का ऐलान करते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।

पत्रकारों की हिरासत पर संगठनों ने जताई नाराजगी

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, इंडियन वुमेन्स प्रेस कॉर्प्स, दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (DUJ) और केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की दिल्ली इकाई ने प्रदर्शन की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों को हिरासत में लेने की निंदा की। संयुक्त बयान में आरोप लगाया गया कि प्रेस पहचान पत्र दिखाने के बावजूद कई पत्रकारों को हिरासत में लिया गया और कुछ के फोन व अन्य उपकरण जब्त किए गए।

मुंबई में भी प्रदर्शन की तैयारी

CJP ने रविवार को मुंबई में भी प्रदर्शन का ऐलान किया है। अजिंक्य शिंदे के मुताबिक, शाम 4 बजे शिवाजी पार्क के टी-जंक्शन पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद दूसरे शहरों में भी आंदोलन किया जाएगा। शिंदे ने दावा किया कि नेताओं को हिरासत में लेकर सरकार ने बड़ी गलती की है।

Also Read: ‘अराजकता फैलाई तो चलेगा लठ, CJP के विरोध के बीच जंतर-मंतर पहुंचे रिंकू यादव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.