जम्मू-कश्मीर में मौसम ने ली करवट, गुलमर्ग, मुगल रोड और अमरनाथ गुफा में बर्फबारी

Sandesh Wahak Digital Desk: घाटी में ठंड ने दस्तक दे दी है। जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में हुए अचानक मौसम परिवर्तन से गुलमर्ग की अफ़हरवत चोटी, ऐतिहासिक मुगल रोड, गुरेज सेक्टर और बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा सहित कई ऊपरी इलाकों में ताज़ा बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पूरे केंद्र शासित प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

समय से पहले हुई इस बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए देश के कोने-कोने से पहुंचे पर्यटकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सैलानियों ने बर्फ की सफेद चादर के बीच तस्वीरें खिंचवाईं और सुहावने मौसम का आनंद लिया। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि पर्वतीय इलाकों, विशेष रूप से गुलमर्ग में समय से पहले हुई बर्फबारी से इस बार विंटर टूरिज्म का सीजन समय से पहले शुरू हो जाएगा, जिससे स्थानीय कारोबारियों को बड़ा फायदा होने की उम्मीद है।

आगामी दिनों के लिए अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग स्थित ऊंचे शिखरों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले हफ्ते पूरे जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को भी गुलमर्ग और आसपास के क्षेत्रों में घने बादल छाए रहेंगे और देर शाम या रात तक बारिश अथवा बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 12°C और न्यूनतम तापमान 5°C के आसपास रहने का अनुमान है।

13 और 14 अक्टूबर को बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग ने 13 और 14 अक्टूबर को मौसम के अधिक खराब रहने की संभावना जताई है। इस अवधि में जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में ताज़ा बर्फबारी हो सकती है। 13 अक्टूबर को गुलमर्ग का अधिकतम पारा गिरकर लगभग 9°C तक आ सकता है। तत्पश्चात, 15 और 16 अक्टूबर को रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है, जबकि 17 से 22 अक्टूबर के दौरान मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम में आ रहे इस तीव्र बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और पर्वतारोहियों को सतर्क रहने और यात्रा पर निकलने से पहले ताज़ा वेदर अपडेट्स की जानकारी लेने की सलाह दी है।

Also Read: रिहा हुए अभिजीत दीपके और उनके साथी, ध्रुव राठी भी सशर्त छोड़े गए, फिर प्रदर्शन का ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.