झांसी का ‘काली बाबा’ निकला हरदोई का हिस्ट्रीशीटर, फौज की ड्रेस में लगाता था दिव्य दरबार

Jhansi Kali Baba Arrest: उत्तर प्रदेश के झांसी में खुद को दिव्य शक्तियों का मालिक बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करने वाले ‘काली बाबा’ की असलियत सामने आई है। पुलिस ने प्रदीप शुक्ला उर्फ काली बाबा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हरदोई का हिस्ट्रीशीटर है और अपनी पहचान छिपाकर साधु के वेश में रह रहा था। वह मंदिर में दिव्य दरबार लगाता था, जहां देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी लोग पहुंचते थे।

आरोपी माथे पर तिलक लगाता और भारतीय सेना जैसी वर्दी पहनकर लोगों के सामने आता था। वह भूत, भविष्य और वर्तमान जानने के साथ चमत्कारों के जरिए समस्याओं का समाधान करने का दावा करता था। ऑनलाइन और ऑफलाइन दरबार लगाकर उसने अपना नेटवर्क तैयार कर लिया था। झांसी में उसका यह दरबार लंबे समय से चर्चा में था, लेकिन उसकी असली पहचान हरदोई पुलिस की जांच के बाद उजागर हुई।

हरदोई में लूट के मामले दर्ज, दो मामलों में भगोड़ा घोषित

पुलिस के अनुसार, आरोपी की असली पहचान प्रदीप शुक्ला (Pradeep Shukla) उर्फ नटराज पुत्र मायाराम शुक्ला के रूप में हुई है। वह हरदोई के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित चौहान थोक का निवासी है। हरदोई पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और दो मामलों में उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है।

इनमें साल 2014 का लूट का एक मामला भी शामिल है, जिसमें वह लंबे समय से फरार चल रहा था। अदालत ने इस मामले में उसे भगोड़ा घोषित किया था। फरारी के दौरान उसने झांसी में ठिकाना बना लिया और अपनी पहचान बदलकर लोगों के बीच धार्मिक छवि बना ली।

कुरैचा गांव के मंदिर में बनाया ठिकाना

बताया गया है कि प्रदीप शुक्ला मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के कुरैचा गांव स्थित ‘काली सरकार मंदिर’ (Kali Sarkar Mandir) पहुंचा था। इसके बाद उसने मंदिर को अपना ठिकाना बना लिया। यहां वह खुद को ‘सत्येंद्र शुक्ला उर्फ काली सरकार’ बताने लगा और दिव्य शक्तियां होने का दावा करते हुए दरबार लगाने लगा। धीरे-धीरे उसके पास बड़ी संख्या में भक्त आने लगे।

इंस्टाग्राम पर एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया पर भी अपनी पहचान बनाई थी। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। पिछले साल उसने ‘काली सरकार’ के नाम से पेज बनाया था। वह शुक्रवार, शनिवार और रविवार को ऑनलाइन दिव्य दरबार लगाता था, जबकि बुधवार को मंदिर में स्थानीय लोगों के लिए ऑफलाइन दरबार आयोजित करता था।

नवरात्रि के दौरान उसने सोशल मीडिया पर नौ दिनों तक दरबार बंद रखने की सूचना भी दी थी।

सोशल मीडिया से खुला राज, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हरदोई पुलिस ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी (Jhansi Kali Baba) की पहचान की और झांसी पहुंचकर उसका सत्यापन किया। इसके बाद रविवार को मऊरानीपुर थाना पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी असली पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड सामने रखा। जरूरी पूछताछ के बाद हरदोई पुलिस उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई।

Also Read: प्रयागराज में STF दारोगा ने रिश्वत में मांगी 2 गाय, जर्मन शेफर्ड और फर्नीचर, दर्ज हुई FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.