‘दो कौड़ी की औकात में रहो’, अजय राय ने मुझसे कहा… कांग्रेस विवाद पर ममता चौधरी ने खोली जुबान
Mamta Chaudhary vs Ajay Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ (Aradhana Mishra Mona) के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान हुआ विवाद अब आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। कांग्रेस नेता ममता चौधरी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर उनके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
ममता का दावा है कि कहासुनी के दौरान अजय राय ने उनसे कहा, ‘दो कौड़ी की अपनी औकात में रहो।’ उन्होंने कांग्रेस में दलितों के प्रति कथित भेदभाव का मुद्दा भी उठाया है।
Mamta Chaudhary के मुताबिक, विवाद के दौरान अजय राय उनकी ओर पलटे और चिल्लाते हुए अपनी सीमा में रहने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद वहां मौजूद कुछ समर्थक आक्रामक हो गए। ममता का दावा है कि उनके साथ सवाल-जवाब किए गए, जूते-चप्पल दिखाए गए और हाथ-पैर से हमला भी किया गया। हालांकि, ये सभी आरोप ममता चौधरी की ओर से लगाए गए हैं।
‘इनको हमेशा दलितों से प्रॉब्लम रही है’
ममता चौधरी ने इस घटनाक्रम को केवल नेताओं के बीच की कहासुनी तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि अजय राय और उनसे जुड़े लोगों को हमेशा दलितों से परेशानी रही है। उनके इस बयान से कांग्रेस के भीतर दलित नेताओं के साथ कथित व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे हैं।
दूसरी ओर, इस विवाद में भाजपा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश सिंह ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुए घटनाक्रम को पार्टी की अंदरूनी खींचतान से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस में पद और कुर्सी को लेकर संघर्ष दिखाई दे रहा है।
रास्ता देने की बात पर शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ के बीच उनके समर्थकों ने कहा, ‘अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए।’ इस पर ममता चौधरी की तरफ से सवाल किया गया, ‘कौन अध्यक्ष?’ इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद अजय राय और ममता चौधरी (Mamta Chaudhary) के समर्थकों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई। इस दौरान जूता फेंके जाने की बात भी सामने आई। घटना के बाद अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से शिकायत कर ममता चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अजय राय ने राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी (Pramod Tiwari), प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद (Imran Masood) से मामले की शिकायत की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के पार्टी में रहने से संगठन का माहौल और छवि खराब होती है। अजय राय ने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की है। बताया गया है कि उन्हें मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
Also Read: कांग्रेस के पोस्टर फाड़ने पर आराधना मिश्रा का BJP पर हमला, बोलीं- हताशा में है पार्टी

