गोरखपुर में बाप-बेटे ने 6 महीने में की 6 चोरियां, 65 लाख के गहने और नकदी बरामद
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में चोरी की छह घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोप है कि पिता और बेटे ने मिलकर छह महीने के भीतर रेलवे कॉलोनी के छह घरों में चोरी की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 65 लाख रुपये के जेवर और 95 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
रविवार को पुलिस लाइंस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी क्राइम अयोध्या सिंह और सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाहपुर क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में अलग-अलग तारीखों पर चोरी की घटनाएं हुई थीं। पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। शाहपुर थानेदार अंजय सिंह और उनकी टीम मामले की जांच कर रही थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार रात घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान रत्नेश अग्रहरी और उसके पिता रविन्द्र प्रसाद अग्रहरी के रूप में हुई है। दोनों मोहनापुर पासी टोला, पादरी बाजार के निवासी हैं।
पिता करता था रेकी, बेटा चोरी में देता था साथ
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि रविन्द्र प्रसाद प्लंबर का काम करता था। रेलवे कॉलोनी के घरों में आने-जाने के कारण उसे वहां की जानकारी थी। उसने बंद पड़े रेलवे क्वार्टरों की रेकी कर चोरी की योजना बनाई। इसके बाद बेटे रत्नेश के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देने लगा।
पुलिस का कहना है कि दोनों पहले पैदल जाकर इलाके की रेकी करते थे और फिर साइकिल से चोरी करने पहुंचते थे। चोरी किए गए जेवर और नकदी को वे अपने घर में छिपाकर रखते थे।
डिब्बे में भरकर जमीन में दबाते थे गहने
एसओ अंजय सिंह के अनुसार, आरोपी चोरी के गहने घर ले जाकर एक डिब्बे में भरते और जमीन के नीचे दबा देते थे। उनकी योजना इन गहनों को बेचने की थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। बरामद सामान का दर्ज मुकदमों में दर्ज चोरी की संपत्ति से मिलान किया जा रहा है।
पुलिस ने सोने के नौ अंगूठियां, दो हार, 12 झुमके, पांच मंगलसूत्र, चार चेन, एक मांग टीका, चार लॉकेट, तीन नथिया, एक कड़ा, एक माला और अन्य जेवर बरामद किए हैं।
चांदी के सामान में 20 पायल, एक कमरधनी, एक चेन, एक ब्रेसलेट, 14 बिछिया, 14 सिक्के और दो अंगूठियां शामिल हैं। इसके अलावा 95 हजार रुपये नकद भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद जेवर और नकदी की कुल कीमत करीब 65 लाख रुपये है।
Also Read: गोरखपुर में खुले नाले में गिरकर सिक्योरिटी गार्ड की मौत, 25 करोड़ की परियोजना पर उठे सवाल

