पंजाब में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या

Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब के मानसा जिले में नशे के खिलाफ मुहिम का नेतृत्व करने वाले एंटी ड्रग टास्क फोर्स के प्रमुख परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार सुबह गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात एक मेडिकल स्टोर के भीतर अंजाम दी गई, जहां संचालक ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हिंसक झड़प और गोलीबारी में परविंदर सिंह झोटा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य साथी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

नशा बेचने को लेकर हुई थी तीखी बहस

प्रारंभिक सूचना के अनुसार, परविंदर सिंह झोटा मंगलवार की सुबह एक स्थानीय मेडिकल स्टोर पर पहुँचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने दुकानदार अश्वनी कुमार से पूछताछ की थी कि सुबह दुकान से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ किसने खरीदा और बेचा है। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मेडिकल स्टोर मालिक ने आपा खो दिया और झोटा पर गोलियाँ बरसा दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया।

पुराने विवाद और वायरल वीडियो की चर्चा

सूत्रों के हवाले से यह भी सामने आया है कि इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और फायरिंग का दृश्य होने का दावा किया जा रहा है। हालाँकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जाँच के बाद ही हो सकेगी। चर्चा यह भी है कि कुछ समय पहले परविंदर झोटा ने इसी मेडिकल स्टोर संचालक को कथित तौर पर जूतों की माला पहनाकर घुमाया था, जिसके चलते पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है।

समर्थकों की भीड़ और क्षेत्र में तनाव

घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। दूसरी ओर, परविंदर झोटा के निधन की खबर मिलते ही उनके आवास और घटनास्थल पर समर्थकों का जुटना शुरू हो गया है। परविंदर लंबे समय से मानसा क्षेत्र में ड्रग्स के खिलाफ सक्रिय रूप से लड़ाई लड़ रहे थे और उनके प्रयासों से कई पंचायतों ने नशे के खिलाफ प्रस्ताव भी पास किए थे। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Also Read: राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, पीएम मोदी पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि केस के ट्रायल पर लगी रोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.