SIR और CEC के विरोध में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से तीखी झड़प

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) और अन्य छात्र संगठनों के लोक भवन मार्च के दौरान जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे उग्र छात्रों ने जेपी गोलंबर के पास पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ डाली और आगे बढ़ने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प के कारण कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी और तनाव का माहौल बन गया।

गांधी मैदान से शुरू हुआ था मार्च

जानकारी के मुताबिक, आईसा से जुड़े छात्र मंगलवार सुबह पटना के गांधी मैदान स्थित गेट नंबर 10 के पास एकत्र हुए थे, जहाँ से उन्हें लोक भवन की ओर मार्च करना था। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए प्रशासन ने भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात कर रखा था। छात्रों को रोकने के लिए राम गुलाम चौक से जेपी गोलंबर की तरफ जाने वाले रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की रोक को दरकिनार करते हुए बैरिकेड गिरा दिए और डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें पीछे धकेला और कुछ छात्रों को हिरासत में भी लिया।

इस विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर पटना जिला प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन के लिए केवल गर्दनीबाग स्थित निर्धारित स्थल का ही उपयोग किया जाए। प्रशासन की ओर से कहा गया था कि बिना अनुमति के प्रमुख मार्गों पर प्रदर्शन करने से एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। फिलहाल, सुरक्षा बलों की मुस्तैदी के चलते स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस अधिकारियों की पैनी नजर बनी हुई है।

Also Read: पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर किया तीखा पलटवार, बोले- आपने सिटिंग CEC को दिया पद्मविभूषण, दो को बनाया राज्यपाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.