Bareilly News: नवरात्रि पर श्रीहरि मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था, धार्मिक भजनों की बही रसधारा
Bareilly News: पावन शारदीय नवरात्रि की तृतीया तिथि पर मंगलवार को मॉडल टाउन स्थित प्रसिद्ध श्रीहरि मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ देखने को मिली। सुबह के सत्र में मंदिर के विद्वान पंडित रमेश चन्द्र तिवारी और सुनील शास्त्री के सानिध्य में हनुमान जी का विधिवत पूजन-अर्चन और भव्य श्रृंगार संपन्न कराया गया। अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और संकटमोचन का आशीर्वाद पाने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में भक्तजन मंदिर पहुंचे।
भजन संध्या से भक्तिमय हुआ प्रांगण
शाम के सत्र में श्रीहरि मंदिर महिला मंडल की बहनों ने माता रानी के दरबार में भजनों के जरिए अपनी हाजिरी लगाई। इसके पश्चात श्रीहरि संकीर्तन मंडल के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे मंदिर परिसर को राम और हनुमान की भक्ति में सराबोर कर दिया। संकीर्तन में रवि छाबड़ा ने “हे दुःख भंजन मारुति नंदन…”, संजय आनंद ने “मंगल मूर्ति राम दुलारे…”, पंकज ने “आज मंगलवार है…”, सचिन सेठी ने “कीजे केसरी के लाल…”, भाई सौरभ ने “राम भी मिलेंगे तुझे श्याम भी मिलेंगे…” और जतिन दुआ ने “झूम झूम नाचे देखो भक्त हनुमान…” जैसे भजनों से माहौल को दिव्य बना दिया।

युवाओं की भागीदारी और महाआरती
भजन संध्या के उपरांत मंदिर में उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद हनुमान जी की सामूहिक आरती और शयन आरती संपन्न हुई। मंदिर के सचिव रवि छाबड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि सामूहिक हनुमान चालीसा और आरती की यह परंपरा विगत कई वर्षों से अनवरत चली आ रही है, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोग जुटते हैं। विशेष रूप से युवाओं की बढ़ती जागरूकता और सेवा भाव सराहनीय है।
इस भव्य धार्मिक आयोजन में मंदिर समिति के अध्यक्ष सुशील अरोड़ा, सचिव रवि छाबड़ा, अश्विनी ओबेरॉय, संजय आनंद, गोविंद तनेजा, रंजन कुमार, अतुल कपूर, हरीश लुनियाल, राजेश अरोड़ा, गिरीश आनंद तथा महिला मंडल की ओर से रेनू छाबड़ा अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं। युवा मंडल के सदस्यों ने व्यवस्था संभालते हुए प्रसाद वितरण की निस्वार्थ सेवा निभाई। कार्यक्रम के समापन पर मंदिर सचिव ने सभी का आभार जताया और भक्तों के बीच भंडारा प्रसाद का वितरण किया गया।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: लखनऊ में बॉन्डेड डॉक्टरों का प्रदर्शन, पुलिस बस के आगे लेटीं, बोलीं- ऊपर चढ़ा दो

