PM मोदी के मंत्री एल. मुरुगन ने दिया इस्तीफा, राज्यसभा की सदस्यता भी छोड़ी

L. Murugan Resignation: केंद्र की नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) सरकार में सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने अपने मंत्री पद के साथ राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दोनों पद एक साथ छोड़ने का फैसला किया। उनके इस कदम को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संगठन को मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

एल. मुरुगन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम करने को अपने जीवन का बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत माता और तमिलनाडु की सेवा करना उनके लिए गौरव की बात रही है।

दिहाड़ी मजदूर के बेटे से केंद्रीय मंत्री तक का सफर

L. Murugan ने अपनी पोस्ट में अपने सफर का जिक्र करते हुए कहा कि एक दिहाड़ी मजदूर के बेटे से केंद्रीय मंत्रिपरिषद तक पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात रही। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर और केंद्र सरकार में मिली जिम्मेदारी को सम्मान के रूप में बताया।

उन्होंने कहा कि अब वह जमीनी स्तर पर लौटकर कार्यकर्ताओं के साथ काम करना चाहते हैं। उनका लक्ष्य तमिलनाडु में BJP को मजबूत करना और पार्टी के संगठन का विस्तार करना है। मुरुगन के मुताबिक, 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए वह अपना पूरा समय देना चाहते हैं।

दो बार राज्यसभा के लिए चुने गए थे मुरुगन

एल. मुरुगन पहली बार 2021 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे। इसके बाद 2024 में वह दूसरी बार राज्यसभा सदस्य बने। अब उनके इस्तीफे के बाद तमिलनाडु से राज्यसभा में उनकी सीट खाली हो जाएगी।

मुरुगन केंद्र (L. Murugan) सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके इस्तीफे के बाद तमिलनाडु में BJP के संगठनात्मक कामकाज पर उनके फोकस करने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, इस्तीफे के बाद राज्य में उनकी अगली भूमिका और संगठन में जिम्मेदारी को लेकर अलग से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Also Read: अजय राय और ममता चौधरी के विवाद की होगी जांच, कांग्रेस ने बनाई 5 सदस्यीय कमेटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.