मुजफ्फरनगर में उस्मान, बाबर और जाहिर लंगड़ा का हाफ एनकाउंटर, 1.25 करोड़ की स्मैक बरामद
Muzaffarnagar Half Encounter: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के कुकड़ा ग्राउंड में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उस्मान, बाबर और जाहिर उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उस्मान के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दोनों साथियों को तलाशी अभियान के दौरान पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 590 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के बाद सामने आए एक वीडियो में घायल उस्मान महिला पुलिसकर्मियों के सहारे अस्पताल ले जाते समय मुस्कुराता दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह दर्द से कराहता भी नजर आया। इसी दृश्य की चर्चा हो रही है।
महिलाओं से मिली सूचना के बाद कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, मिशन शक्ति 6.0 (Mission Shakti 6.0) के तहत नई मंडी क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मी जागरूकता अभियान चला रही थीं। इसी दौरान स्थानीय महिलाओं ने दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 के आसपास स्मैक की बिक्री होने की गोपनीय जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की।
पुलिस को सूचना मिली कि कुकड़ा ग्राउंड में स्मैक की खरीद-फरोख्त होने वाली है। इसके आधार पर नई मंडी कोतवाली पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, टीम ने संदिग्धों को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उस्मान घायल हो गया।
हरिद्वार से लाकर मुजफ्फरनगर में सप्लाई की बात
पुलिस के मुताबिक, घायल उस्मान पुत्र इकलाक हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र के किरणपुर का निवासी है। उसके साथी बाबर पुत्र फैयाज और जाहिर उर्फ लंगड़ा पुत्र नासिर मुजफ्फरनगर के सुजड़ू, खालापार के निवासी बताए गए हैं। दोनों भागने की कोशिश में झाड़ियों और ईख के खेतों की ओर गए, लेकिन पुलिस ने कांबिंग कर उन्हें पकड़ लिया। घायल उस्मान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से 590 ग्राम स्मैक के अलावा अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस, नकदी और एक मोटरसाइकिल बरामद करने की बात कही है।
पूछताछ में आरोपियों ने हरिद्वार के मंगलौर से मादक पदार्थ लाकर मुजफ्फरनगर में अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
ऑपरेशन सवेरा के तहत भी कार्रवाई
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि मिशन शक्ति 6.0 और ऑपरेशन सवेरा के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले (Muzaffarnagar Half Encounter) में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: लखनऊ: होटल की 10वीं मंजिल से गिरी युवती, मौत के बाद प्रेमी फरार, जांच में जुटी पुलिस

