लखनऊ: होटल की 10वीं मंजिल से गिरी युवती, मौत के बाद प्रेमी फरार, जांच में जुटी पुलिस
Lucknow Hotel Death Case: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में सोमवार शाम एक युवती की होटल की 10वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। युवती अपने प्रेमी के साथ होटल में रुकी थी। घटना के बाद युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।
यह घटना ओमेक्स न्यू हजरतगंज स्थित होटल सैलेस्टियल मैन्योर (Celestial Manor) की है। जानकारी के मुताबिक, युवती और युवक सुबह होटल के 10वें तल पर कमरा नंबर 1037 में ठहरे थे। शाम करीब 6:30 बजे युवती संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गई। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी।
समरीन के रूप में हुई युवती की पहचान
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान चौक इलाके के हाता सूरत सिंह निवासी समरीन के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ ठहरा युवक अवनीश सुल्तानपुर का रहने वाला बताया गया है। दोनों करीब छह घंटे से होटल में थे। घटना के बाद युवक के फरार होने की जानकारी सामने आई है।
डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक, सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस युवक और युवती से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती ने आत्महत्या की, वह दुर्घटनावश नीचे गिरी या घटना के पीछे कोई अन्य कारण था।
पिता बोले, होटल में काम करती थी बेटी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समरीन के पिता मोहम्मद तज्जू चौपटिया में निजी नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी एक होटल में काम करती थी और सोमवार सुबह काम पर गई थी। शाम को उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली। समरीन होटल कैसे पहुंची और वहां क्या हुआ, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
पुलिस फरार युवक की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में जुटाए गए साक्ष्यों से घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
Also Read: पीलीभीत में रामलीला कमेटी के हिसाब पर खूनी विवाद, दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत

