शिवा शर्मा केस में नया मोड़, नेपाल बॉर्डर पर बरामद हुई मॉडल श्रद्धा दुबे की SUV

Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर नया सुराग मिला है। उसकी SUV बहराइच के भारत-नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा कस्बे में खड़ी मिली है। आशंका है कि श्रद्धा इसी रास्ते नेपाल फरार हुई हो सकती है। पुलिस को शक है कि वह करीब चार दिन पहले ही सीमा पार कर गई थी। हालांकि, उसके नेपाल जाने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

बुधवार सुबह रुपईडीहा की शुक्ला पार्किंग में एक संदिग्ध SUV खड़ी होने की सूचना पुलिस को मिली। तलाश के बाद भी दोपहर करीब तीन बजे तक गाड़ी का कोई दावेदार सामने नहीं आया। जांच में पता चला कि वाहन श्रद्धा दुबे का है। गाड़ी का नंबर UP-32 Q 0111 बताया गया है और यह 10 अक्टूबर से पार्किंग में खड़ी थी। मामले की जांच के लिए लखनऊ पुलिस भी रुपईडीहा पहुंची है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस 

श्रद्धा के नेपाल भागने की आशंका के बीच पुलिस रुपईडीहा कस्बे के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस की पूछताछ में श्रद्धा से जुड़े कुछ लोगों ने बताया कि उसका नेपाल आना-जाना लगा रहता था और वहां के कई लोगों से उसके संपर्क थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि कई इवेंट कंपनियों के संचालकों और स्टेज व फैशन शो आयोजित कराने वाले कुछ चर्चित लोगों से श्रद्धा की नजदीकी थी। पुलिस इन लोगों के संपर्कों और भूमिका की भी जांच कर रही है। इवेंट कंपनी संचालक और शो आयोजित कराने वाले कुछ लोग पुलिस की निगरानी में हैं।

फिलहाल SUV मिलने से श्रद्धा की तलाश में एक अहम सुराग मिला है, लेकिन वह सीमा पार कर नेपाल पहुंची है या नहीं, यह जांच के बाद ही साफ होगा।

चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा शर्मा की मौत

शुक्रवार रात लखनऊ में एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा अलीगंज के कपूरथला इलाके में रहते थे। वह करीब एक साल से मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थे।

शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से जलाने और माफिया समेत कई नामचीन लोगों से धमकियां दिलवाने के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों के आधार पर उन्होंने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और दो अन्य लोगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद से श्रद्धा, उसकी बहन और अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

व्यवसायी रिजवान के खिलाफ भी दर्ज कराया था मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा ने कुछ महीने पहले हजरतगंज कोतवाली में व्यवसायी रिजवान के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने रिजवान के खिलाफ आरोपपत्र भी दाखिल किया था।

बाद में श्रद्धा पर रुपये वसूलने के लिए मुकदमा दर्ज कराने के आरोप लगे थे। हजरतगंज पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस अब श्रद्धा की तलाश के साथ-साथ उसके संपर्कों और उससे जुड़े पुराने मामलों की कड़ियां भी खंगाल रही है।

Also Read: रेलवे कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, कैबिनेट ने दी 78 दिन के बोनस को मंजूरी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.