लखनऊ में कंबल से बुझाई केमिकल की आग, बिना उपकरण स्ट्रेचर बनाकर छात्रों ने किया मॉक ड्रिल का प्रदर्शन

Lucknow News: लखनऊ में बुधवार, 14 अक्टूबर को सिविल डिफेंस लखनऊ कोर की ओर से ला मार्टिनियर कॉलेज (बॉयज) में फायर सेफ्टी और आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्र के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य ग्रे डोमिनिक भी मौजूद रहे। मॉक ड्रिल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आग लगने और अन्य आपात स्थितियों में बचाव के तरीके सिखाना था।

आग, भूकंप और आपात स्थिति से बचाव का प्रशिक्षण

मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को सामान्य आग, केमिकल से लगी आग और गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति से निपटने के तरीके बताए गए। इसके साथ ही भूकंप के दौरान सुरक्षित रहने और युद्ध या अन्य आपात स्थिति में सायरन बजने पर बंकर या सुरक्षित शेल्टर में पहुंचने की प्रक्रिया समझाई गई।

प्रशिक्षण में प्राथमिक चिकित्सा, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और बिना किसी उपकरण के स्ट्रेचर बनाने का तरीका भी शामिल रहा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कॉलेज के 16 विद्यार्थियों ने सीखे गए तरीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया।

रेड और ग्रीन अलर्ट सायरन की दी जानकारी

चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्र ने विद्यार्थियों से बातचीत कर रेड अलर्ट और ग्रीन अलर्ट सायरन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेड अलर्ट सायरन बजने पर किस तरह तुरंत सुरक्षित शेल्टर में पहुंचकर शरण लेनी चाहिए।

इसके बाद विद्यार्थियों ने केमिकल से लगी आग को कंबल की मदद से बुझाने का प्रदर्शन किया। बच्चों ने बिना किसी उपकरण के दो अलग-अलग तरह के स्ट्रेचर भी बनाए और घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक ले जाने का अभ्यास किया।

प्रशिक्षकों ने सिखाए आग बुझाने के तरीके

प्रशिक्षण सत्र में सुमित साहू ने केमिकल से लगी आग से बचाव का प्रदर्शन किया। वहीं, रजत द्विवेदी ने विद्यार्थियों को सामान्य आग बुझाने की व्यावहारिक तकनीक सिखाई।

इस अभ्यास के जरिए विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराने के बजाय सही तरीके से प्रतिक्रिया देने और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों से परिचित कराया गया।

Also Read: शिवा शर्मा केस में नया मोड़, नेपाल बॉर्डर पर बरामद हुई मॉडल श्रद्धा दुबे की SUV 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.