राहुल गांधी सत्ता हथियाने के लिए फैला रहे अराजकता, संवैधानिक संस्थाओं का न करें अपमान: राजनाथ

Lucknow News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। लखनऊ में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी सुधारों के नाम पर देश में अशांति और अराजकता का माहौल पैदा कर सत्ता हथियाने की साजिश रची जा रही है।

राहुल गांधी पर सीधा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि अपने सियासी फायदों के लिए देश के युवाओं को राजनीतिक टकराव का मोहरा बनाया जा रहा है। रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि कुछ ताकतें बांग्लादेश जैसे घटनाक्रम की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का सपना देख रही हैं, लेकिन अपनी महत्वाकांक्षाओं के लिए देश के संवैधानिक ढांचे को दांव पर लगाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

कांग्रेस शासनकाल के 3 बड़े अक्षम्य अपराध

कांग्रेस के इतिहास को कठघरे में खड़ा करते हुए राजनाथ सिंह ने उसके शासनकाल की तीन प्रमुख घटनाओं का जिक्र किया और उन्हें देश के इतिहास के अक्षम्य अपराध करार दिया। उन्होंने कहा कि 1975 में इंदिरा गांधी द्वारा देश पर थोपा गया आपातकाल, 1984 में सत्ता के संरक्षण में हुआ सिख विरोधी नरसंहार और 1990 में अयोध्या के कारसेवकों का खून बहाने वालों को समर्थन देकर उनकी सरकार बचाना ये ऐसे दाग हैं जिन्हें मिटाया नहीं जा सकता। रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी इस पुरानी सोच को कायम रखते हुए आज भी संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने में जुटी है।

राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि राहुल गांधी हाथ में संविधान लेकर घूमते हैं, लेकिन असल में अराजकता को बढ़ावा दे रहे हैं। कांग्रेस लगातार मिल रही चुनावी हार का बदला देश की जनता से लेना चाहती है, जो उसके नैतिक पतन की पराकाष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस अब गांधी उपनाम का उपयोग करने का नैतिक हक पूरी तरह खो चुकी है। विपक्षी दल झूठे नैरेटिव गढ़कर संवैधानिक संस्थाओं की साख बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इससे भारत की विकास यात्रा नहीं रुकेगी। उन्होंने राहुल गांधी को नकारात्मक राजनीति छोड़कर जनादेश का सम्मान करने और आत्मचिंतन करने की सलाह दी।

Also Read: मुस्कान फांसी की सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में करेगी अपील, मांगी कानूनी मदद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.